सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिला खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला के निर्देशन में खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गोपद नदी घाट पर छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे दो वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 8 बजे प्रभारी खनि निरीक्षक शिशिर यादव एवं देवेंद्र महोबे को ग्राम गोतरा उत्तर टोला, तहसील कुसमी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के बाद टीम द्वारा तत्काल गोपद नदी घाट पर दबिश दी गई। मौके पर बिना नंबर का जॉन डियर ट्रैक्टर मॉडल 5038D अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन करते पाया गया। चालक के पास खनन या परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज नहीं थे। जांच दल को देखकर चालक और मजदूर मौके से फरार हो गए। नियमानुसार ट्रैक्टर को जब्त कर पहले पुलिस चौकी टिकरी एवं बाद में सुरक्षा कारणों से थाना मड़वास परिसर में खड़ा कराया गया। इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई के तहत ग्राम खोचीपुर, तहसील बहरी से खनिज गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन करते हुए टाटा 407 वाहन क्रमांक MP66G1632 को पकड़ा गया। वाहन चालक वृहस्पति यादव पिता मुन्ना यादव, निवासी ग्राम शिवपुरवा, तहसील गोपदबनास के पास ई-टीपी सहित कोई भी वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर उक्त टाटा वाहन को जब्त कर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी तथा दोषियों के विरुद्ध प्रचलित नियमों के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस संयुक्त कार्रवाई में सैनिक शिवशंकर सिंह, अनिल पाठक, तेजबहादुर सिंह, नंदीलाल रावत, वाहन चालक रामपाल केवट एवं अश्वनी तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।