सीधी(ईन्यूज एमपी)-राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर सोमवार को सीधी जिले में सूर्य नमस्कार का भव्य और प्रेरणादायी आयोजन किया गया। उत्कर्ष स्कूल के ग्राउंड में सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने एक साथ सूर्य नमस्कार कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर योगमय वातावरण और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया। इस विशाल आयोजन में सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वयं योगाभ्यास कर नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में सूर्य नमस्कार के सभी बारह आसनों का विधिवत अभ्यास कराया गया। इस अवसर पर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री मोहन यादव जी का लाइव के माध्यम से उद्बोधन सुना । योग गुरु रविंद्र ने सूर्य नमस्कार के पांचवें आसन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह रीढ़ की हड्डी को मजबूत करता है, पेट और कमर की मांसपेशियों में लचीलापन लाता है तथा पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है। उन्होंने कहा कि यह आसन तनाव और मानसिक थकान को दूर करने के साथ-साथ फेफड़ों की क्षमता बढ़ाकर श्वसन तंत्र को भी मजबूत करता है। योग गुरु के अनुसार सूर्य नमस्कार युवाओं और बुजुर्गों, दोनों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि योग से निरोगी जीवन प्राप्त किया जा सकता है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि मानसिक संतुलन और अनुशासन का भी आधार है। उन्होंने कहा कि युवा दिवस पर सूर्य नमस्कार का आयोजन इसलिए किया गया है ताकि युवा पीढ़ी स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सके। कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने जानकारी दी कि यह कार्यक्रम पूरे जिले में एक साथ आयोजित किया गया। जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और प्रमुख संस्थानों में प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार सूर्य नमस्कार कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिससे अधिक से अधिक लोग योग के महत्व को समझ सकें। उधर, उधर संदीपनी विद्यालय कुसमी में जिले का दूसरा सबसे बड़ा आयोजन हुआ, जहां जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह की मौजूदगी में आदिवासी क्षेत्र के बच्चों और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सूर्य नमस्कार किया। पूरे जिले में हुए इन आयोजनों ने राष्ट्रीय युवा दिवस को योग और स्वास्थ्य के संदेश के साथ यादगार बना दिया।