enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में फिर गिरफ्तार हुआ रिश्वतखोर कर्मचारी, लोकायुक्त ने 2 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

सीधी में फिर गिरफ्तार हुआ रिश्वतखोर कर्मचारी, लोकायुक्त ने 2 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

नायब तहसीलदार के आदेश पालन के लिए मांगे थे 5 हजार, 2 हजार लेते हुआ ट्रैप

सीधी(ईन्यूज एमपी)-रीवा लोकायुक्त पुलिस ने शनिवार को सीधी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हल्का पटवारी शिव प्रताप सिंह को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चुरहट थाना क्षेत्र के डढ़िया गांव में की गई।

जानकारी के अनुसार, किसान राजेश सिंह से पटवारी ने नायब तहसीलदार चुरहट के स्थगन आदेश के पालन के बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। फरियादी किसान पहले ही 3 हजार रुपये दे चुका था। शेष 2 हजार रुपये की मांग पूरी करने के लिए शनिवार को पटवारी ने मुलाकात तय की थी।

फरियादी ने इस संबंध में रीवा लोकायुक्त पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त की 12 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की और जैसे ही पटवारी ने फरियादी से 2 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए पटवारी को सीधी जिला मुख्यालय लाकर उच्च विश्रामगृह में पूछताछ की गई। लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले सीधी में लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई की थी और आज एक बार फिर रिश्वतखोर पटवारी गिरफ्तार हुआ है। हालांकि थोड़े थोड़े दिनों के अंतराल में कार्यवाही का दौर जारी है लेकिन सरकारी तंत्र में यह घूसखोरी की प्रथा अनवरत जारी है।

Share:

Leave a Comment