सीधी(ईन्यूज एमपी)- मझौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा घुसी, जिससे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा शासकीय कॉलेज मझौली के सामने सुबह करीब 9 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, मड़वास निवासी शोभित केवट (25) और कृष्ण कुमार केवट (29) बाइक से मड़वास से मझौली की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कॉलेज के सामने अचानक कुछ छात्राएं सड़क पार करने लगीं। उन्हें बचाने के प्रयास में बाइक बेकाबू होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शी संतोष यादव ने बताया कि बाइक की गति काफी तेज थी, जिससे नियंत्रण खोने के बाद वह सड़क किनारे जा गिरी। हादसे में दोनों युवकों को सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने डायल-112 को बुलाया। पुलिस टीम ने तुरंत पहुंचकर घायलों को मझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें रीवा रेफर किया जा सकता है। मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि दुर्घटना की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की गई। दोनों घायल अस्पताल में भर्ती हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।