enewsmp.com
Home सीधी दर्पण किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का धरना, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का धरना, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

सीधी(ईन्यूज एमपी)- रीवा, शहडोल, सिंगरौली और सीधी जिले के किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर गुरुवार को कांग्रेस पार्टी ने वीथिका भवन प्रांगण में धरना-प्रदर्शन किया। यह आंदोलन प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

धरना स्थल पर किसानों ने भाजपा सरकार की किसान-विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और प्रदेश सरकार से राहत प्रदान करने की मांग की। प्रदर्शन के उपरांत कमलेश्वर पटेल ने एडीएम सीधी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रदेश के किसानों के हित में नौ प्रमुख मांगें रखी गईं।

ज्ञापन में कहा गया कि हाल ही में आए साइक्लोन ‘मोंथा’ से किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं, जिससे वे भारी आर्थिक संकट में हैं। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वे कर मुआवजा एवं राहत राशि प्रदान की जाए। साथ ही जिन किसानों पर कर्ज़ का बोझ है, उन्हें अस्थायी राहत (मोराटोरियम) दी जाए ताकि वे पुनः खेती शुरू कर सकें।

इसके अलावा किसानों को आर्थिक सहायता के साथ खाद, बीज और कृषि उपकरण उपलब्ध कराने, केंद्र सरकार से विशेष राहत पैकेज की घोषणा कराने, और अत्यधिक बिजली बिलों की वसूली पर रोक लगाने की मांग की गई। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि राज्य सरकार स्वयं न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसलों की खरीद सुनिश्चित करे, ताकि किसानों को उपज का उचित मूल्य मिल सके।

धरना में यह मुद्दा भी उठाया गया कि आवारा पशुओं से फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जिसके समाधान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की जाए। बाणसागर नहरों की नियमित सफाई कर सिंचाई जल प्रवाह सुचारू करने तथा भूमिहीन किसानों को भी सरकारी योजनाओं एवं फसल मुआवज़े में शामिल करने की मांग की गई।

इस मौके पर कमलेश्वर पटेल ने कहा कि “प्रदेश का किसान आज दोहरी मार झेल रहा है — एक तरफ प्राकृतिक आपदाएं और दूसरी ओर सरकार की उपेक्षा। कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों और सम्मान के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी।”

धरना कार्यक्रम में कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी, किसान नेता और बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान उपस्थित रहे। मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से ज्ञापन सौंपा गया।

Share:

Leave a Comment