enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में रिश्वतखोर अधीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

सीधी में रिश्वतखोर अधीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

सीधी(ईन्यूज एमपी)- लोकायुक्त रीवा की टीम ने गुरुवार दोपहर सिहावल में बड़ी कार्रवाई करते हुए अनुसूचित जाति जूनियर बालक छात्रावास क्रमांक-2 के अधीक्षक अशोक पांडे को दस हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी अधीक्षक यह रकम एक रिटायर्ड शिक्षक से उसकी भविष्य निधि (GPF) फाइल पास कराने के एवज में मांग रहा था।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता वशिष्ठ मुनि द्विवेदी, निवासी ग्राम टिकरी थाना मड़वास, चार माह पूर्व इसी छात्रावास से सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने लोकायुक्त रीवा कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि अधीक्षक अशोक पांडे उनसे फाइल पास कराने के बदले दस हजार रुपए की मांग कर रहे हैं।

शिकायत की सत्यता की पुष्टि के लिए लोकायुक्त टीम ने गोपनीय जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद गुरुवार को दोपहर लगभग एक बजे बारह सदस्यीय टीम सिहावल पहुंची और ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने अधीक्षक को रिश्वत की राशि सौंपनी थी।

लोकायुक्त निरीक्षक उपेंद्र द्विवेदी ने बताया कि जब शिकायतकर्ता अधीक्षक के पास पहुंचे, उस समय वह परिसर में कुछ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पत्रकारों की मौजूदगी के कारण अधीक्षक ने रकम लेने से बचने की कोशिश की, लेकिन पहले से तैयार टीम ने मौके पर घेराबंदी कर ली और उसे रिश्वत की रकम स्वीकार करते ही पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रेस्ट हाउस लाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है। सूत्रों के मुताबिक, अधीक्षक ने गिरफ्तारी के बाद अपनी फोटो और वीडियो सार्वजनिक न करने का अनुरोध किया, जिसके चलते टीम ने कोई विजुअल जारी नहीं किए हैं।

लोकायुक्त टीम अब आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिरीक्षक मनोज सिंह के निर्देशन और निरीक्षक उपेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उप निरीक्षक, तकनीकी स्टाफ और स्वतंत्र गवाह भी शामिल रहे।

Share:

Leave a Comment