enewsmp.com
Home सीधी दर्पण निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर 10 बीएलओ सुपरवाइजरों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी

निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर 10 बीएलओ सुपरवाइजरों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी

सीधी(ईन्यूज एमपी)- विधानसभा क्षेत्र-77 सीधी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने वाले 10 वी.एल.ओ. सुपरवाइजरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा सभी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करते हुए स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जारी पत्र के अनुसार जिन सुपरवाइजरों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें शिशुपाल सिंह (झोखरवार), रिषभ नापित (तेन्दुआ), जमुना प्रताप सिंह (उड़ैसा), प्रियम्बदा (बेलहा), धनंजय तिवारी (सीधी वार्ड 1 एवं 2), रविशंकर शुक्ला (सीधी वार्ड 3 एवं वार्ड 19), आशीष मिश्रा (वार्ड 13, 12 एवं 10), रविशंकर शुक्ला (वार्ड 14), अशोक उपाध्याय (वार्ड 24) तथा सुरेन्द्र सिंह (पडरी) शामिल हैं।

रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 जारी है। इस कार्य में नियुक्त वी.एल.ओ. सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी थी कि वे अपने क्षेत्र के बी.एल.ओ. से संपर्क बनाए रखते हुए कार्य की निगरानी करें और मतदाता मैपिंग में सहयोग दें, किंतु अधिकांश सुपरवाइजरों ने इस दिशा में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई।

उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर और 1 नवम्बर को जनपद सभागार सीधी में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण दिया गया था तथा दैनिक कार्यों की सूचना व्हाट्सएप समूह के माध्यम से नियमित भेजी जा रही थी। इसके बावजूद संबंधित सुपरवाइजरों ने आयोग के निर्देशों की अनदेखी की, जिससे कार्य की प्रगति प्रभावित हुई।

रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने कहा कि यह आचरण निर्वाचन जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य के प्रति उदासीनता और घोर लापरवाही का परिचायक है तथा यह मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन है।

अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि सभी सुपरवाइजर 4 नवम्बर 2025 तक अपने प्रभार क्षेत्र के मतदान केन्द्रों का मतदाता मैपिंग कार्य पूर्ण कर कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित जवाब प्रस्तुत करें। असंतोषजनक जवाब मिलने या अनुपस्थित रहने की स्थिति में वेतन आहरण पर रोक लगाते हुए विधिक कार्यवाही की जाएगी, जिसके लिए संबंधित स्वयं जिम्मेदार होंगे।

Share:

Leave a Comment