enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में शिवसेना का बड़ा एक्शन: सिविल सर्जन पर कालिख पोतने का आरोप, स्वास्थ्य अव्यवस्था के खिलाफ उग्र विरोध

सीधी में शिवसेना का बड़ा एक्शन: सिविल सर्जन पर कालिख पोतने का आरोप, स्वास्थ्य अव्यवस्था के खिलाफ उग्र विरोध

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में स्वास्थ्य विभाग की बदहाल व्यवस्था को लेकर शिवसेना का विरोध शनिवार को उग्र रूप ले लिया। शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडेय ने सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे के मुंह पर कालिख पोतने का दावा किया है। यह घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित डॉ. खरे के निजी क्लीनिक में हुई, जहां वे कथित रूप से सरकारी समय में मौजूद थे।

शिवसेना का कहना है कि जिले में लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा और चिकित्सीय अव्यवस्था के खिलाफ आंदोलन चल रहा था, लेकिन सुधार न होने के चलते यह प्रतीकात्मक विरोध किया गया।

विवेक पांडेय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए कहा कि जिले के स्वास्थ्य तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही के खिलाफ उन्होंने यह कदम उठाया है। उन्होंने लिखा, *“भ्रष्टाचारियों, हम जल्द वापस आएंगे... समंदर हूं, लौटकर आऊंगा। कालिख पोत कर विरोध दर्ज किया है।”*

अपने पोस्ट में पांडेय ने डॉ. खरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों की जिम्मेदारी निभाने के बजाय वे निजी क्लीनिक में मरीज देख रहे हैं। उन्होंने लिखा कि यह कदम जिले की गरीब और बेबस जनता के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ एक चेतावनी है।

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

शिवसेना के प्रदेश नेतृत्व ने कहा है कि यदि स्वास्थ्य विभाग में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

गौरतलब है कि सीधी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शिकायतें लंबे समय से उठती रही हैं। कई ग्रामीण अस्पतालों में चिकित्सकों की अनुपस्थिति, दवा वितरण में गड़बड़ी और निजी क्लीनिकों के मनमाने संचालन को लेकर जन असंतोष लगातार बढ़ रहा है।


Share:

Leave a Comment