enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी जिले के स्वास्थ्य विभाग भर्ती घोटाले की जांच हुई तेज, ईओडब्ल्यू ने मांगी रिपोर्ट....

सीधी जिले के स्वास्थ्य विभाग भर्ती घोटाले की जांच हुई तेज, ईओडब्ल्यू ने मांगी रिपोर्ट....

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के स्वास्थ्य विभाग में हुई भर्ती प्रक्रिया में भारी अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद अब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है।
ईओडब्ल्यू रीवा द्वारा जिला पंचायत सीधी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र जारी कर जांच प्रतिवेदन की सत्यापित प्रति तीन नवम्बर तक प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

जारी पत्र के अनुसार, वर्ष 2024 में जिला सीधी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय द्वारा डेंटल ऑपरेटर, वाहन चालक, मल्टीटास्किंग वर्कर एवं भृत्य पदों पर की गई भर्ती में अनियमितताओं की शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उक्त भर्ती में चयन प्रक्रिया के दौरान नियमों की अनदेखी कर अनुचित लाभ पहुंचाया गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पहले ही इस भर्ती प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई थी। अब आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ ने मामले में जिला स्तर पर गठित जांच समिति की रिपोर्ट को सत्यापित कर पुनः प्रस्तुत करने के लिए कहा है।

ईओडब्ल्यू उप निरीक्षक अभिषेक पांडे द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि 11 अगस्त 2025 को सीधी कलेक्टर को भेजी गई जांच रिपोर्ट का सत्यापन आवश्यक है।सत्यापित रिपोर्ट समयसीमा में नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभागीय स्तर पर भी इस मामले पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

Share:

Leave a Comment