मानस भवन में होगा मुख्य समारोह, सांसद डॉ. राजेश मिश्रा होंगे मुख्य अतिथि सीधी(ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास और विकास यात्रा का प्रतीक 70वां स्थापना दिवस समारोह 1 से 3 नवम्बर 2025 तक जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विविध सांस्कृतिक, खेलकूद एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को आयोजन संबंधी दायित्व सौंपे गए हैं। उन्होंने बताया कि 1 नवम्बर को जिला स्तरीय मुख्य समारोह मानस भवन, सीधी में प्रातः 11 बजे से आयोजित किया जाएगा। पहले यह कार्यक्रम शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 में प्रस्तावित था, किंतु बारिश के मौसम को देखते हुए स्थल में परिवर्तन किया गया है। मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा होंगे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में जिले की उपलब्धियों और स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही, विद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएँगी। 2 नवम्बर को नगर परिषदों एवं ग्राम पंचायतों के प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसका समन्वय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सीधी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारीगण करेंगे। 3 नवम्बर को सभी विद्यालयों में खेलकूद एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएँ होंगी, जिसका संचालन जिला खेल अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी करेंगे। वहीं छात्रावासों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जनजातीय कार्य विभाग को जिम्मेदारी दी गई है। स्थापना दिवस के अवसर पर जिले के सभी शासकीय भवनों को रात्रि में आकर्षक प्रकाश से सजाया जाएगा, जिससे पूरा शहर उत्सव और गौरव के वातावरण में डूब जाएगा।