enewsmp.com
Home सीधी दर्पण अवैध खनन पर कड़ा रुख, सीधी जिले में रातभर चली खनिज विभाग की कार्रवाई

अवैध खनन पर कड़ा रुख, सीधी जिले में रातभर चली खनिज विभाग की कार्रवाई

सीधी(ईन्यूज एमपी)-कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के सख्त निर्देशों एवं खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर नियंत्रण हेतु खनिज विभाग की टीम ने रातभर अभियान चलाया।

खनिज निरीक्षक शिशिर यादव एवं देवेंद्र महोबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई 29 अक्टूबर की रात से 30 अक्टूबर की सुबह तक जारी रही। इस दौरान मझौली एवं कुसमी क्षेत्र के सेमरिहा, पांड, पोड़ी, शंकरपुर, भदौरा, निधिपुरी, गोतरा, गुड्डुआधार, बंजारी, टिकरी एवं भूमिका सहित अनेक स्थलों पर सघन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम गोतरा में रेत के अवैध उत्खनन/परिवहन में संलिप्त एक बिना पंजीकरण नंबर का सोनालिका ट्रैक्टर (इंजन नंबर 3100FLU14H1093627F18, चेसिस नंबर JZJSR1100067SM) को चालक शिवमूरत विश्वकर्मा निवासी ग्राम गोतरा, तहसील कुसमी के कब्जे से जब्त कर थाना कुसमी में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।

इसी प्रकार ग्राम मसुरिहा, तहसील गोपद बनास स्थित जायसवाल ढाबा के सामने रेत के अवैध भंडारण से लोड हो रहे टाटा 407 (क्रमांक MP53G-3464) वाहन को चालक राजीव यादव निवासी ग्राम बगैहा से जब्त कर थाना कोतवाली की अभिरक्षा में सौंपा गया।

जब्त वाहनों के चालक एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्रवाई में नगर सैनिक शिवशंकर सिंह, नंदीलाल रावत, अनिल पाठक, अवनीश शुक्ला, चालक रामपाल केवट एवं अश्विनी तिवारी का सराहनीय योगदान रहा।

खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला ने बताया कि जिले में प्राप्त शिकायतों के आधार पर लगातार निगरानी और छापामार कार्यवाही की जा रही है। भविष्य में भी ऐसी सघन कार्रवाइयां जारी रहेंगी ताकि अवैध खनन पर पूर्ण नियंत्रण स्थापित किया जा सके।

Share:

Leave a Comment