enewsmp.com
Home सीधी दर्पण IG रीवा जोन गौरव राजपूत ने किया सीधी पुलिस का वार्षिक निरीक्षण — मेडिकल नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान

IG रीवा जोन गौरव राजपूत ने किया सीधी पुलिस का वार्षिक निरीक्षण — मेडिकल नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान

सीधी(ईन्यूज एमपी)-रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक श्री गौरव राजपूत ने आज जिला सीधी में पुलिस बल का वार्षिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर अनुशासन, दक्षता और समर्पण का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला। पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कोरी के नेतृत्व में आयोजित इस निरीक्षण में परेड, बलवा नियंत्रण ड्रिल और सैनिक सम्मेलन जैसे कार्यक्रम संपन्न हुए।

निरीक्षण परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक बीरेन्द्र कुमरे ने किया, वहीं IG श्री राजपूत ने सलामी लेकर परेड की समीक्षा की और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत किया। उन्होंने वाहन शाखा, क्वार्टर गार्ड एवं रक्षित निरीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सुधारात्मक सुझाव भी दिए।

बलवा नियंत्रण परेड के दौरान पुलिस ने अपनी तत्परता और प्रशिक्षण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परिवीक्षाधीन डीएसपी सुजीत कड़वे ने कमांडर के रूप में बलवा नियंत्रण अभ्यास का नेतृत्व किया। इस दौरान IG श्री राजपूत ने सुरक्षा उपकरणों की मजबूती और उपयोगिता का परीक्षण किया और बलवा की स्थिति में त्वरित नियंत्रण हेतु दिशा-निर्देश दिए।

सैनिक सम्मेलन में IG श्री राजपूत ने अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कहा — “मेडिकल नशे को समाप्त करना हमारी प्राथमिकता है। आने वाले छह माह में इसे जड़ से खत्म किया जाएगा।”

बैठक के दौरान IG ने पुलिस अधिकारियों को अनुशासन, सौम्यता और कर्मशीलता पर जोर देते हुए कहा — “अपने क्रोध पर नियंत्रण रखें, उसे सकारात्मक ऊर्जा में बदलें। मधुर वाणी अपनाएं, क्योंकि मीठा बोलने वाला सदैव सम्मानित होता है।”

अंत में IG श्री गौरव राजपूत ने मेडिकल नशे के विरुद्ध निर्णायक जंग का आह्वान करते हुए कहा कि — “यह केवल कानून नहीं, समाज की आत्मा को बचाने का अभियान है। जब पुलिस और जनता साथ आते हैं, तो कोई भी बुराई टिक नहीं पाती।”

कार्यक्रम में एसपी संतोष कोरी, एएसपी अरविंद श्रीवास्तव, डीएसपी सुजीत कड़वे, रक्षित निरीक्षक बीरेन्द्र कुमरे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्टाफ एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment