जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता में दिखा छात्रों का उत्साह, अतिरिक्त संचालक आर.पी. सिंह ने किया निरीक्षण सीधी(ईन्यूज एमपी)-शासकीय कन्या महाविद्यालय सीधी में इन दिनों जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता का आयोजन जोश और उत्साह के साथ जारी है। कार्यक्रम के तहत छात्रों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया जा रहा है। गुरुवार को रीवा एवं शहडोल संभाग के अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा विभाग आर.पी. सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रतिभागियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया। अतिरिक्त संचालक श्री सिंह ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित रूप से विभिन्न आयोजन करता है। इसी क्रम में रीवा और शहडोल संभाग के सभी कन्या महाविद्यालयों में 30 अक्टूबर तक युवा उत्सव प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इस दौरान साहित्य, प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेलकूद जैसी अनेक प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित छात्र-छात्राएं आगे संभागीय और राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे। श्री सिंह ने बताया कि सभी कार्यक्रम मध्यप्रदेश शासन की गाइडलाइन के अनुसार संचालित किए जा रहे हैं और विद्यार्थियों को मंच के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है। इस दौरान कॉलेज परिसर में उमंग और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में कॉलेज स्टाफ, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।