enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी:प्रसूता की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

सीधी:प्रसूता की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

सीधी:प्रसूता की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप

सीधी(ईन्यूज एमपी)- प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंजारी में बीती रात प्रसव के बाद एक प्रसूता महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कल्पना भुजवा पति संजय भुजवा निवासी ग्राम चौफाल थाना जमोड़ी के रूप में हुई है। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीधी में शव सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया।

प्रसूता ने दिया स्वस्थ शिशु को जन्म, फिर बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार, कल्पना भुजवा को बुधवार रात करीब 10 बजे प्रसव पीड़ा के चलते प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंजारी लाया गया था। वहां देर रात करीब 2 बजे उसने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने स्थिति गंभीर होने के बावजूद समय पर आवश्यक उपचार नहीं दिया और सुबह लगभग 4 बजे महिला को जिला चिकित्सालय सीधी रेफर कर दिया गया।

सीधी पहुंचने से पहले ही हुई मौत

परिजनों के मुताबिक, सीधी अस्पताल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई थी। मृतका का दुधमुहा बच्चा अपनी मां को देखने से भी वंचित रह गया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी डॉक्टरों व स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रशासन ने पहुंचकर कराया शांत

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। एसडीएम सीधी ने परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाया और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मामले की जांच के निर्देश

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बंजारी के स्टाफ पर लगे लापरवाही के आरोपों की जांच स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता और चिकित्सकीय सतर्कता पर सवाल खड़े करती है।

Share:

Leave a Comment