enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में ग्रामीण के घर घुसा 12 फीट लंबा अजगर, वन विभाग ने एक घंटे में किया रेस्क्यू

सीधी में ग्रामीण के घर घुसा 12 फीट लंबा अजगर, वन विभाग ने एक घंटे में किया रेस्क्यू

सीधी में ग्रामीण के घर घुसा 12 फीट लंबा अजगर, वन विभाग ने एक घंटे में किया रेस्क्यू

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के जोगीपुर गांव में मंगलवार सुबह एक 12 फीट लंबा अजगर अचानक एक ग्रामीण के घर में घुस गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। करीब 40 किलो वजनी इस अजगर को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर लगभग एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीण रामजी पांडे के घर में यह विशालकाय अजगर घुस आया था। परिवार के लोगों ने जब उसे देखा तो वे डर के मारे घर से बाहर भागे और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर वनपाल पंकज मिश्रा के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

रेस्क्यू के दौरान एक रोमांचक क्षण आया जब अजगर ने वनपाल पंकज मिश्रा को अपनी जकड़ में ले लिया। हालांकि मौके पर मौजूद वनरक्षक ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए मिश्रा को अजगर की पकड़ से छुड़ाया। इसके बाद टीम ने सूझबूझ और सावधानी से अजगर को काबू में कर लिया।

वन विभाग की टीम ने पकड़े गए अजगर को गांव से लगभग पांच किलोमीटर दूर जंगल में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की टीम की बहादुरी और तत्परता की सराहना की।

पीड़ित ग्रामीण रामजी पांडे ने बताया कि यह अजगर पिछले तीन दिनों से उनके खेतों के आसपास दिखाई दे रहा था। मंगलवार सुबह अचानक वह घर के अंदर आ गया। घर के कुत्तों के भौंकने पर उन्होंने देखा और तुरंत विभाग को सूचना दी।

वनपाल पंकज मिश्रा ने बताया कि यह सांपों की सबसे विशालकाय प्रजाति का अजगर है, जिसे स्थानीय भाषा में ‘चित्ती’ कहा जाता है। इसकी लंबाई लगभग 12 फीट और वजन करीब 40 किलो है। उन्होंने बताया कि यह प्रजाति आम तौर पर बड़े जानवरों का शिकार करती है और बिना कारण इंसानों पर हमला नहीं करती, लेकिन खतरा महसूस होने पर यह अपनी रक्षा के लिए हमला कर सकती है।

अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद जोगीपुर गांव में लोगों ने वन विभाग की टीम का धन्यवाद दिया और कहा कि विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई।

Share:

Leave a Comment