अमिलिया–बहरी मार्ग का नया पुल जनता को समर्पित 30 करोड़ की लागत से बना आधुनिक पुल, आवागमन होगा सुगम सीधी(ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले के अमिलिया–बहरी मार्ग पर लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नया पुल आखिरकार जनता के लिए खोल दिया गया है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस पुल के शुरू होने से क्षेत्र की आवागमन व्यवस्था में काफी सुधार होगा। गुरुवार शाम करीब पाँच बजे सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक और सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने फीता काटकर पुल का विधिवत उद्घाटन किया। भैयालाल शुक्ला कंपनी द्वारा निर्मित इस पुल की लंबाई 7.75 मीटर और चौड़ाई 11.10 मीटर है। यह पुल सीधी जिले के अमिलिया और बहरी क्षेत्रों को जोड़ता है। क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल यह मार्ग सिंगरौली, हनुमना, बनारस और प्रयागराज की ओर जाने वाले मुख्य रास्ते का हिस्सा है। नए पुल के शुरू होने से व्यापारिक और सामाजिक गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। ग्रामीणों और राहगीरों के लिए यह पुल राहत का माध्यम बनेगा। पुराने पुल की जर्जर स्थिति बनी थी खतरा इस पुल के निर्माण से पहले बना पुराना पुल पूरी तरह जर्जर हो चुका था। इसकी खराब हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने कई बार आवाज उठाई थी। नया पुल लगभग एक वर्ष पूर्व ही बनकर तैयार हो गया था, लेकिन औपचारिक उद्घाटन राजनीतिक कारणों से टलता रहा। उद्घाटन में हुई देरी और सियासी बयानबाजी हाल ही में पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि “अगर 15 दिन में पुल से आवागमन शुरू नहीं हुआ, तो हम खुद रास्ता खोल देंगे।” उनके इस बयान के बाद क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी। भाजपा नेताओं ने तत्परता दिखाते हुए पुल के उद्घाटन की तारीख तय की। कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस पुल का लोकार्पण करने वाले थे, लेकिन एक सड़क हादसे के कारण उनका कार्यक्रम स्थगित हो गया। इसके बाद गुरुवार को विधायक विश्वामित्र पाठक और सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने पुल का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।