enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में तेज रफ्तार बल्कर की टक्कर से महिला और बेटी की मौत, दो घायल

सीधी में तेज रफ्तार बल्कर की टक्कर से महिला और बेटी की मौत, दो घायल

सीधी में तेज रफ्तार बल्कर की टक्कर से महिला और बेटी की मौत, दो घायल

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बल्कर (18 चक्के का ट्रक) की टक्कर से बाइक सवार महिला और उसकी 9 माह की बेटी की मौत हो गई, जबकि ससुर और दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हैं।

कोतवाली थाना प्रभारी कन्हैया सिंह बघेल के अनुसार हादसा शाम करीब 6 बजे गोरियरा बांध के पास जंगल क्षेत्र में हुआ। मृतकों की पहचान किरण प्रजापति (26 वर्ष) और उनकी बेटी मानसी प्रजापति (9 माह) निवासी कठार, थाना खड्डी के रूप में की गई है। किरण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मानसी ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना में किरण के ससुर बुद्धसेन प्रजापति (45 वर्ष) और दो वर्षीय दिव्यांशी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद बल्कर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बल्कर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक पुष्पेंद्र कुमार यादव और पायलट अमृत कुमार विश्वकर्मा ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे की जानकारी घायल बुद्धसेन प्रजापति ने पायलट को दी।

टीआई बघेल ने बताया कि बस और बल्कर एक साथ जा रहे थे। कुछ दूर जाने पर बस आगे निकल गई और पीछे चल रहे बल्कर के पिछले हिस्से से बाइक सवारों को टक्कर लग गई।

जानकारी के अनुसार, मृतका का परिवार कठार गांव का रहने वाला है। रविवार को सभी लोग पड़खुरी गांव में निमंत्रण खाने गए थे। हादसा तब हुआ जब महिला अपने ससुर और बच्चों के साथ घर लौट रही थी। महिला का पति दूसरी बाइक से पीछे आ रहा था।

Share:

Leave a Comment