रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेल टैंकर पलटा, घंटों जाम में फंसे वाहन सोनवर्षा टोल प्लाजा के पास हुई घटना, चालक घायल — वैकल्पिक मार्ग से बहाल हुआ आवागमन सीधी (ईन्यूज एमपी) रविवार सुबह लगभग 5:30 बजे रीवा-सीधी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनवर्षा टोल प्लाजा के पहले तेंदुआ नाला के करीब वीर फ्यूल्स पेट्रोल पंप के सामने एक तेल टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मुख्य मार्ग करीब चार घंटे तक जाम रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और टोल प्लाजा की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। टैंकर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सीधी जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि चालक की हालत खतरे से बाहर है, हालांकि उसकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। जाम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की। तेंदुआ से प्रधानमंत्री सड़क होते हुए हवाई पट्टी पनवार मार्ग को आवागमन के लिए खोला गया, जिससे धीरे-धीरे यातायात बहाल हो सका। जमोड़ी थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि टैंकर को सड़क से हटाने का कार्य जारी है और शीघ्र ही यातायात पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा।