enewsmp.com
Home सीधी दर्पण मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य समयसीमा में पूर्ण करें - प्रेक्षक के.पी. पाण्डेय

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य समयसीमा में पूर्ण करें - प्रेक्षक के.पी. पाण्डेय

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य समयसीमा में पूर्ण करें - प्रेक्षक के.पी. पाण्डेय
------
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की बैठक सम्पन्न
-------

नगरीय निकायों एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण 2025 के अंतर्गत मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक श्री के.पी. पाण्डेय (सेवानिवृत्त रा.प्र.से.) द्वारा बुधवार को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

प्रेक्षक श्री पाण्डेय ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को प्रारूप मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन किया जा चुका है। प्राधिकृत कर्मचारी 17 अक्टूबर 2025 की अपरान्ह 3 बजे तक दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त करेंगे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार समयसीमा में पूर्ण किया जाए। प्रेक्षक ने बताया कि उनके द्वारा कुछ मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कुछ स्थानों पर कार्य संतोषजनक पाया गया, जबकि कुछ स्थानों पर सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतत पर्यवेक्षण करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रेक्षक श्री पाण्डेय ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सतत सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं की आयु 01 जनवरी 2025 को 18 वर्ष पूर्ण हो गई है, उनके नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराए जाएं। साथ ही अशुद्ध रूप से दर्ज नामों के सुधार, मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपन के कार्य में भी पारदर्शिता रखी जाए। उन्होंने बीएलए के माध्यम से इस प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने पर बल दिया।

बैठक में उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, सिहावल प्रिया पाठक, मझौली आर.पी. त्रिपाठी, चुरहट शैलेश द्विवेदी, भाजपा से अमित प्रधान, कांग्रेस से अखंड प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment