enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में मृत महिला पहुंची जनसुनवाई में बोली – “साहब, मुझे फिर से जिंदा कर दीजिए!”

सीधी में मृत महिला पहुंची जनसुनवाई में बोली – “साहब, मुझे फिर से जिंदा कर दीजिए!”

सीधी में मृत महिला पहुंची जनसुनवाई में बोली – “साहब, मुझे फिर से जिंदा कर दीजिए!”

सीधी। मध्यप्रदेश के सरकारी रिकॉर्डों का कमाल देखिए – यहां लोग बिना मरे मर जाते हैं और फिर जिंदा होने की फरियाद लेकर खुद चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंच जाते हैं। ऐसा ही अजीबो-गरीब मामला सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र के गोतरा गांव से सामने आया है, जहां कागजों में मृत घोषित की गई महिला राजमन जोगी खुद जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई में आ धमकीं और कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी से गुहार लगाई – “साहब, मुझे जिंदा कर दीजिए!”

कलेक्टर साहब भी पहले तो चौंके, फिर गंभीरता से बोले – “जांच कराई जाएगी, जो भी दोषी होंगे, उन पर कार्रवाई होगी।” यानी अब सरकारी रिकॉर्ड में पुनर्जन्म प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

दरअसल, गांव के सरपंच और सचिव ने राजमन जोगी को कागजों में मृत दिखाकर उसका खाद्यान्न बंद कर दिया था। महिला को जब पता चला कि सरकार ने उसे ‘परलोक भेज’ दिया है, तो वह अपनी ‘जिंदगी वापस लेने’ जनसुनवाई में पहुंच गई।

जनसुनवाई के इस अनोखे एपिसोड ने अफसरों को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर किस विभाग के पास “मृत को जीवित” करने का प्रावधान है। जनता अब मजाक में कह रही है – “यह है नया मध्यप्रदेश, जहां फाइलों में मरना और जनसुनवाई में जी उठना – दोनों सरकारी प्रक्रिया से संभव है।”

कलेक्टर ने खाद्य आपूर्ति अधिकारी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और आश्वासन दिया है कि अब “जिंदा लोगों” को भी राशन मिलेगा। गांव वाले अब इसे “सरकारी मुक्ति और पुनर्जन्म योजना” कहकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं।

Share:

Leave a Comment