गोरियरा बांध में डूबा उत्कृष्ट विद्यालय का छात्र, SDRF की टीम कर रही तलाश सीधी- सोमवार को जिले में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया। सीधी के उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 में कक्षा 11वीं (कॉमर्स समूह) में अध्ययनरत छात्र कन्हैया कुमार गौतम की गोरियरा बांध में डूबने की खबर सामने आ रही हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान में जुट गई है। जानकारी के अनुसार, कन्हैया के एक दोस्त को फोन पर सूचना मिली की जिस व्यक्ति का यह मोबाइल है वह बांध में डूब रहा है, जिसके बाद वह युवक अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चुरहट पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू की। बांध किनारे से छात्र का स्कूल बैग, मोबाइल फोन और कपड़े बरामद किए गए हैं। देर शाम तक SDRF की टीम पानी में रेस्क्यू अभियान चलाती रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका था। घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां रो-रोकर उनका बुरा हाल है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग भी जुटे रहे। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से लोगों को बांध के किनारे से दूर रहने की अपील की है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और SDRF की टीम छात्र की तलाश जारी रखे हुए है।