देश को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प — आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत सीधी में हुई पत्रकार वार्ता रीवा संभाग प्रभारी योगेश ताम्रकार ने कहा — स्वदेशी अपनाओ, देश को आत्मनिर्भर बनाओ सीधी। देश को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे “आत्मनिर्भर भारत अभियान” के तहत रविवार को रीवा संभाग प्रभारी एवं सतना नगर निगम के महापौर योगेश ताम्रकार सीधी पहुंचे। उन्होंने स्थानीय विश्रामगृह में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब समय आ गया है कि हम सभी ‘स्वदेशी अपनाओ—देश को आत्मनिर्भर बनाओ’ के संकल्प को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।” कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष देवकुमार सिंह, आत्मनिर्भर भारत अभियान के जिला संयोजक अखिलेश पांडेय, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि सहित जिले के अनेक पत्रकार एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। योगेश ताम्रकार ने बताया कि यह अभियान पूरे देश में तीन महीने तक चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से हुई है और इसका समापन 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर किया जाएगा। इस अवधि में पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि “हमारे देश में निर्मित वस्तुएं न केवल गुणवत्तापूर्ण हैं बल्कि इनसे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और स्थानीय कारीगरों को रोजगार मिलता है।” योगेश ताम्रकार ने नागरिकों से अपील की कि वे प्लास्टिक या विदेशी उत्पादों के स्थान पर देश में निर्मित वस्तुओं का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “वोकल फॉर लोकल” के आह्वान को तभी सार्थक बनाया जा सकता है जब हर नागरिक इसे अपने जीवन में उतारे। इस मौके पर विधायक प्रीती पाठक ने भी उपस्थित होकर कहा कि “एक जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा भी दायित्व है कि स्वदेशी सामानों का उपयोग किया जाए। पारंपरिक मिट्टी के दीपक, घरेलू उत्पाद और देश में निर्मित अन्य वस्तुओं को अपनाकर ही हम आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।” उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत हमें अपने घरों से करनी होगी ताकि हमारा समाज, हमारा शहर और अंततः हमारा देश आत्मनिर्भरता की दिशा में अग्रसर हो सके।