सीधी में सतना जीएसटी का छापा, बत्रा ट्रांसपोर्ट में सुबह से हो रही कार्यवाही सीधी। शहर में शनिवार सुबह सतना की जीएसटी विभाग की तीन सदस्यीय टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने सीधी स्थित बत्रा ट्रांसपोर्ट कंपनी में अचानक पहुंचकर छापेमारी शुरू की, जिससे व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बत्रा ट्रांसपोर्ट में शनिवार सुबह तीन ट्रकों से सामान आया था, जिसे अनलोड किया जा रहा था। इसी दौरान सतना जीएसटी की टीम मौके पर पहुंची और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि टीम संभावित कर चोरी और बिलिंग अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टीम सुबह से ही ट्रांसपोर्ट परिसर में मौजूद है और कई फाइलों, बिलों और स्टॉक रजिस्टरों की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान किसी को भी अंदर जाने या वीडियो रिकॉर्डिंग की अनुमति नहीं दी गई है। सूत्रों का कहना है कि टीम को जीएसटी चोरी से संबंधित कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिन्हें सत्यापित किया जा रहा है। हालांकि, टीम के अधिकारियों ने अब तक किसी भी प्रकार की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। वहीं, स्थानीय व्यापारिक संगठनों ने इस छापेमारी को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। बत्रा ट्रांसपोर्ट के कर्मचारी भी जांच के चलते परेशान नजर आए। फिलहाल जीएसटी टीम की कार्रवाई जारी है, और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि ट्रांसपोर्ट कंपनी पर क्या कदम उठाए जाएंगे।