प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस सीधी में ‘‘स्वदेशी जागरण सप्ताह‘‘ का आयोजन ------- प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, स्वदेशी जागरण मंच और राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वाधान में ‘‘स्वदेशी जागरण सप्ताह‘‘ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीधी लोकसभा के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण से हुई। मुख्य अतिथि डॉ. राजेश मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है और उनका संदेश था -स्वदेशी अपनाएँ, हिंदी से लगाव रखें, स्वदेशी वेशभूषा और खान-पान अपनाएँ और देशप्रेम को बढ़ावा दें। उन्होंने छात्र-छात्राओं को स्वदेशी अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि जन अभियान परिषद स्वशासी निकाय सदस्य श्री कृष्णकांत द्विवेदी ने कहा कि स्वदेशी हमारी पहचान है और इसके लिए समाज सेवा के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करना आवश्यक है। वरिष्ठ समाजसेवी श्री लक्ष्मण सिंह ने विद्यालयों में समाज सेवा की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पी.के. सिंह ने कहा कि दिवाली के निकट आते समय चीनी उत्पादों की बढ़ती पैठ के बीच, हमें घरेलू उत्पादों को अपनाकर लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित करना चाहिए। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्या वन में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिवदत्त उरमालिया, जिला समन्वयक मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के निर्देशन में हुआ। वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रामनारायण स्वर्णकार, सांसद प्रतिनिधि डॉ. मनोज सिंह, डॉ. दिलीप कुमार सोनी, प्रो. पुष्पेंद्र शाह, डॉ. गुलाम मोहिउद्दीन, मेंटर्स जन अभियान परिषद और सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने व्याख्यान सुना और पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया।