enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी सड़क हादसे के बाद रद्द हुआ सीएम का प्रोग्राम, 3 की गई थी जान

सीधी सड़क हादसे के बाद रद्द हुआ सीएम का प्रोग्राम, 3 की गई थी जान

सीधी सड़क हादसे के बाद रद्द हुआ सीएम का प्रोग्राम, 3 की गई थी जान


सीधी।
गुरुवार की शाम सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे-39 पर बहरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा। यह घटना ठीक उसी स्थान के पास हुई, जहाँ शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कार्यक्रम प्रस्तावित था। हालांकि, हादसे के बाद मुख्यमंत्री का सीधी का दौरा निरस्त कर दिया गया है।

हादसे का घटनाक्रम

जानकारी के अनुसार, बहरी बाईपास पर टेंट का सामान उतारने के लिए ट्रक (क्रमांक MP19 HG 5263) सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बोलेरो (क्रमांक MP53 CA 7294) तेज रफ्तार में पीछे से आकर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फँस गए। जिन्हें जेसीबी की मदद से निकाला गया था।

मृतक और घायल

इस दुर्घटना में ट्रक से सामान उतार रहे एक व्यक्ति और बोलेरो में सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। वहीं बोलेरो में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय सीधी लाया गया, जहाँ से हालत नाजुक होने पर उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि मृतक और घायल सभी सीधी जिले के जयसवाल परिवार से संबंधित हैं।

सीएम का कार्यक्रम निरस्त

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव आज शुक्रवार को बहरी आने वाले थे, जहाँ सोन नदी पर बने नए पुल का उद्घाटन और जनसभा आयोजित थी। लेकिन भीषण हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने अपना सीधी का कार्यक्रम रद्द कर दिया।

मुख्यमंत्री का शोक संदेश

हादसे पर शोक जताते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा –
“सीधी में हुई सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों की सहायता हेतु प्रशासन को निर्देशित किया गया है। इस दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति के कारण मैंने कल सीधी में आयोजित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

Share:

Leave a Comment