विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस - निराशा से आशा की ओर ------ पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित ------- नवोदय विद्यालय समिति के आयुक्त श्री राजेश लखानी, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल संभाग के उपायुक्त श्री आर.के. वर्मा, सहायक आयुक्त श्री लेखराज मीणा तथा सहायक आयुक्त एवं संकुल प्रभारी श्रीमती दीक्षा ज्योति मिश्रा के निर्देशन और प्रभारी प्राचार्य डॉ. डी.के. त्रिपाठी के मार्गदर्शन में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, चुरहट (सीधी) में “विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस” कार्यक्रम अत्यंत संवेदनशीलता और जागरूकता के साथ आयोजित किया गया। यह दिवस प्रतिवर्ष 10 सितंबर को वैश्विक स्तर पर आत्महत्याओं की रोकथाम, करुणा को बढ़ावा देने और सामूहिक कार्रवाई को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार, 15-29 वर्ष की आयु वर्ग में मृत्यु का तीसरा प्रमुख कारण आत्महत्या है, जो त्वरित और व्यापक हस्तक्षेप की आवश्यकता को दर्शाता है। कारण और चुनौतियाँ ----- कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि अक्सर हम जिन्हें हंसता-खेलता देखते हैं, उनके मन के भीतर पीड़ा का अथाह सागर छिपा होता है। आज के समय में न केवल युवा बल्कि अबोध बच्चे भी आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं। कक्षा में होने वाली बुलिंग और साइबर बुलिंग, समाज का बढ़ता दबाव, माता-पिता द्वारा अत्यधिक अपेक्षाएँ और तुलना की प्रवृत्ति, आर्थिक संकट, कर्ज का बोझ, भावनात्मक आघात, व्यंग्य और सामाजिक उपेक्षा जैसे कई कारण बच्चों और युवाओं को निराशा की ओर धकेल रहे हैं। श्री संकल्प सिंह (टीजीटी अंग्रेज़ी) ने विषय पर अपने विचार रखते हुए सकारात्मक सोच अपनाने पर बल दिया। श्रीमती रिचा (पीजीटी इतिहास) ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी बात कहने की आदत डालनी चाहिए। समस्या चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो, उसे अपने परिवार, मित्र या विश्वसनीय व्यक्ति से साझा करना चाहिए। उन्होंने छात्रों को सरकार और एनजीओ द्वारा संचालित विभिन्न मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी दी, जिनमें टेली-मानस (Tele-MANAS), जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (DMHP), राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) और मनोदर्पण जैसी पहलें शामिल हैं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और छात्र सहभागिता ------ कक्षा 10वीं की छात्राओं की नाटक मंडली ने इस विषय पर प्रस्तुत लघु नाटिका से सभी की आँखें नम कर दीं। इसमें रिया साहू, वैष्णवी गुप्ता, प्रतिज्ञा पटेल सहित आठ छात्राओं ने भाग लिया। वहीं आसिन भगत और रितिक सिंह ने मर्मस्पर्शी भाषण देकर संदेश दिया कि समस्याओं से भागने की बजाय उनका सामना करना ही समाधान है। कक्षा 9 की छात्राओं संध्या शाह और गायत्री देसाई ने चित्रों के माध्यम से आत्महत्या रोकथाम का संदेश दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ शिक्षक श्री एस.के. तिवारी (पीजीटी रसायन विज्ञान), श्री रुपेश चौधरी (अर्थशास्त्र), श्री रवि पांडे, श्रीमती ज्योति कुशवाहा एवं पूरे विद्यालय स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को यह सीख दी कि जीवन की हर समस्या का समाधान संभव है, निराशा से आशा की ओर बढ़ना ही जीवन का वास्तविक संदेश है।