enewsmp.com
Home सीधी दर्पण “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान : महिलाओं के सम्पूर्ण स्वास्थ्य की ओर बड़ा कदम

“स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान : महिलाओं के सम्पूर्ण स्वास्थ्य की ओर बड़ा कदम

“स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान : महिलाओं के सम्पूर्ण स्वास्थ्य की ओर बड़ा कदम

भोपाल, 15 सितम्बर 2025।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 सितम्बर को मध्यप्रदेश से “स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार” अभियान का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान के तहत प्रदेशभर में 20 हज़ार से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में लगाए जाएंगे। इन शिविरों में महिलाओं और किशोरियों की निःशुल्क जांच और उपचार की व्यवस्था होगी।

व्यापक स्तर पर तैयारियां

उप मुख्यमंत्री ने भोपाल स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हर ज़िला, हर विकासखंड और प्रत्येक स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से काम करे। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा एवं एएनएम घर-घर जाकर परिवारों को अभियान से जोड़ें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से भी सक्रिय भागीदारी की अपील की।

महिलाओं और किशोरियों पर विशेष फोकस

प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य संदीप यादव ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी चुनौतियों का समाधान करना है। मातृ–शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, एनीमिया स्क्रीनिंग और किशोरियों को पोषण व मासिक धर्म स्वच्छता संबंधी जानकारी प्रदान करने पर विशेष बल दिया जाएगा।

रोगों की जांच और इलाज

अभियान में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, एनीमिया, सिकल सेल रोग जैसी गैर-संचारी बीमारियों और क्षय रोग व कुष्ठ रोग जैसे संचारी रोगों की जांच व उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। मानसिक स्वास्थ्य, नेत्र, दंत व श्रवण रोगों की जांच भी की जाएगी। जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञता शिविर, रोग निदान शिविर और रक्तदान शिविर आयोजित होंगे।

सम्मान और प्रोत्साहन

एमडी एनएचएम डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 जिले, 5 विकासखंड, 15 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 10 अशासकीय संगठनों को सम्मानित किया जाएगा।

क्षय रोग उन्मूलन और रक्तदान शिविर

अभियान में क्षय रोग उन्मूलन के लिए “निःक्षय मित्र” चिन्हांकन किया जाएगा। जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और कॉर्पोरेट समूह टीबी रोगियों को गोद लेकर पोषण और देखभाल में सहयोग करेंगे।
प्रदेशभर में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर होंगे, जिनमें रेडक्रॉस, एनएसएस, जनअभियान परिषद और स्काउट-गाइड जैसे संगठन भाग लेंगे।

Share:

Leave a Comment