enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी में गरजे डिप्टी CM राजेन्द्र शुक्ल – कांग्रेस पर जमकर बरसे

सीधी में गरजे डिप्टी CM राजेन्द्र शुक्ल – कांग्रेस पर जमकर बरसे

सीधी (ईन्यूज़ एमपी): मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सीधी में आयोजित पत्रकारवार्ता में कांग्रेस पार्टी और इंदिरा गांधी सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का सबसे बड़ा कलंक बताते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे शर्मनाक अध्याय था।

राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए देश की संविधानिक संस्थाओं, प्रेस की स्वतंत्रता और नागरिकों के मौलिक अधिकारों को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि लाखों निर्दोष नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों को जेलों में ठूंस दिया गया। यह तानाशाही का चरम रूप था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की, 90 बार चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त किया, और 75 बार संविधान में संशोधन कर उसे कमज़ोर किया। उस दौर में आम नागरिकों के बोलने तक की आज़ादी छीन ली गई थी।

राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी है, जहां व्यक्ति पहले, पार्टी बाद में और देश सबसे बाद में आता है। जबकि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र सर्वोपरि के सिद्धांत पर काम करती है — राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और व्यक्ति तृतीय।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश कांग्रेस के पापों का दंड भुगत रहा है और कांग्रेस को अब प्रायश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने एक नई दिशा पाई है, और हर नागरिक तक विकास, सुरक्षा और सम्मान पहुंचा है।

उन्होंने जनता से अपील की कि वे सतर्क और जागरूक रहें ताकि भविष्य में कोई भी सरकार तानाशाही रवैया न अपना सके और लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हों।

पत्रकार वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद,विधायकगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment