सीधी (ईन्यूज़ एमपी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी सीधी द्वारा आज एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने की, जबकि सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांति देव सिंह मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। प्रदेश उपाध्यक्ष कांति देव सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की एक मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने धारा 370 हटाने, तीन तलाक समाप्त करने, महिलाओं को आरक्षण देने जैसे निर्णयों को ऐतिहासिक बताया। सिंह ने कहा कि “मोदी हैं तो मुमकिन है” केवल नारा नहीं, देश की आम जनता की सोच बन चुका है। प्रेस वार्ता के दौरान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर, प्रधानमंत्री आवास योजना, अन्न योजना, उज्ज्वला गैस, जल जीवन मिशन, नारी सशक्तिकरण, नई शिक्षा नीति, नक्सलवाद पर नियंत्रण सहित अनेक योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से बताया गया। उन्होंने दावा किया कि 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं और देश आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने मोदी सरकार की योजनाओं को आमजन से जुड़ी योजनाएं बताते हुए कहा कि सरकार ने विकास के साथ विरासत को भी संभाला है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि युवाओं, किसानों और महिलाओं के लिए सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किए हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे और आभार प्रदर्शन डॉ. मनीला सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, सोशल मीडिया संयोजक जितेंद्र तिवारी सहित जिले के कई पत्रकार, प्रिंट, वेब और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।