सीधी (ईन्यूज़ एमपी): भारतीय शक्ति चेतना पार्टी 7 जून को अपने स्थापना दिवस के अवसर पर सीधी में नशामुक्ति जनजागरण पदयात्रा का आयोजन कर रही है। पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक सिंह ने जानकारी दी कि इस पदयात्रा में मुख्य रूप से पार्टी के केंद्रीय महासचिव रजत मिश्रा शामिल होंगे। इस जनजागरण पदयात्रा में सीधी जिले के साथ-साथ सिंगरौली जिले के भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। पदयात्रा होटल महेश पैलेस से प्रारंभ होकर गांधी चौराहा, अस्पताल चौराहा, कलेक्ट्रेट, एसपी ऑफिस, सम्राट चौराहा, कोतवाली, पुराना हनुमान मंदिर, फूलमती मंदिर, लालता चौराहा होते हुए पुनः होटल महेश पैलेस पर समाप्त होगी। पदयात्रा के समापन के पश्चात केंद्रीय महासचिव रजत मिश्रा द्वारा जनसभा को संबोधित किया जाएगा। पार्टी के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य नशा, मांस, भय, भूख, भ्रष्टाचार, जातिभेद, छुआछूत और सांप्रदायिकता से मुक्त समाज की स्थापना की दिशा में जनचेतना फैलाना है। पार्टी का मानना है कि ऐसा सद्भावनापूर्ण और चरित्रवान समाज ही देश के सर्वांगीण विकास की नींव रख सकता है। जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने सभी वर्ग, धर्म और संप्रदाय के नागरिकों से अपील की है कि इस जनजागरण अभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें।