दिल्ली(ईन्यूज़ एमपी)- संसद में आज भारत छोड़ो आंदोलन की 75वीं जंयती के मौके पर विशेष सत्र चलाया जा रहा है। लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज का दिन हमारे लिए गर्व की बात है। मोदी ने कहा कि 9 अगस्त को अंग्रेजों के साथ क्या होगा इसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की थी। पीएम ने कहा कि आज जब हम 2017 में है तो हमारे पास गांधी नहीं है, उस समय जैसा नेतृत्व नहीं है| लेकिन 125 करोड़ देशवासियों के पास ये क्षमता है कि हम गांधी के सपनों को पूरा कर सकते हैं| उस समय भी भारत के लिए अनुकूल माहौल था और आज भी देश के लिए अनुकूल माहौल है| भारत एक बार फिर दुनिया के लिए प्रेरणा बन सकता है| मोदी ने कहा कि हमारे लिए दल से बड़ा देश है, राजनीति से बड़ी राष्ट्रनीति होती है| भ्रष्टाचार के दीमक ने देश को तबाह कर दिया था, हमें इस स्थिति को बदलना होगा| हमारे सामने गरीबी, कुपोषण और शिक्षा की चुनौती है ये सिर्फ सरकार की नहीं देश की चुनौती हैं| 1942 में भी अलग विचारधारा के लोग थे, अब भी ऐसा है|