enewsmp.com
Home देश-दुनिया आज दोपहर तट से टकराएगा समुद्री तूफान, मचा सकता है बड़ी तबाही......

आज दोपहर तट से टकराएगा समुद्री तूफान, मचा सकता है बड़ी तबाही......

दिल्ली (ईन्यूज एमपी)-समुद्री तूफान निसर्ग आज दोपहर तटों से टकरा सकता है। इसके बाद यह आसपास के क्षेत्रों में बड़ी तबाही मचा सकता है। इसे लेकर सरकार ने कई राज्‍यों को अलर्ट पर रखा है। महाराष्‍ट्र और गुजरात मुख्‍य रूप से इससे प्रभावित होने वाले राज्‍य हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, केंद्र शासित दमन व दीयू और दादर नगर हवेली में लोगों की सुरक्षा के लिए तगड़े प्रबंध किए गए हैं। जब यह लैंडफॉल करेगा जब हवाओं की गति 110 से 120 किमी प्रतिघंटा हो सकती हैं। इसके चलते भारी बारिश और नुकसान पहुंचने का खतरा है।

मंगलवार को अरब सागर में हवा के दबाव में परविर्तन होने से बने चक्रवात "निसर्ग" ने खतरनाक रूप ले लिया है। बुधवार को यह मुंबई से करीब 94 किमी की दूरी पर स्थित अलीबाग में जमीन से टकराएगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि मंगलवार की दोपहर चक्रवात निसर्ग का केंद्र गोवा के पंजिम शहर से दक्षिण पश्चिम 280 किमी और मुंबई से 430 दक्षिण पश्चिम अरब सागर में था। यह अगले 12 घंटों में और विकराल रूप धर लेगा।

PM मोदी ने की तैयारियों की समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी निसर्ग को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा। उन्होंने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने सोमवार को बताया था कि इस तूफान से गुजरात से ज्यादा महाराष्ट्र के जिले प्रभावित होंगे। महाराष्ट्र के तटीय इलाकों के मुंबई, थाणे और रायगढ़ में इसका ज्यादा असर देखने को मिलेगा। मछुआरों को समुद्र में जाने से रोक दिया गया है।

NDRF की 34 टीमें तैनात

एनडीआरएफ की 34 टीमें तैनात की गई हैं। बल के महानिदेशक एसएन प्रधान ने बताया कि गुजरात में 16 टीमें, महाराष्ट्र में 15 टीमें, दमन और दीयू में दो और दादर व नगर हवेली में एक टीम तैनात की गई है। तटीय क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।

Share:

Leave a Comment