भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश के गरीब और पिछड़ों के साथ भारतीय जनता पार्टी सरकार खड़ी है। पिछड़ों का विकास हो इसके लिए हमने अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन किया है। भाजपा सरकार गरीबों की सरकार है। मध्यप्रदेश आज अगर नम्बर बना है, तो इसका बड़ा श्रेय पिछड़ा वर्ग को जाता है। भाजपा सरकार ने लगातार ऐतिहासिक काम किए हैं, सरकार की उपलब्धियों को पिछड़ा मोर्चा नीचे तक ले जाये और उन्हें जन-जन के बीच प्रचारित करें। 13 मई को प्रदेश की 23 हजार पंचायतों में 23 हजार पिछड़ा मोर्चा के नेता पहुंचें और पंचायत स्तर पर पार्टी के सदस्यों की बैठकें एवं हितग्राही सम्मेलन आयोजित कर गांव-गांव में जागरण का मंत्र पहुंचायें। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में पिछड़ा वर्ग मोर्चा की समीक्षा बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, पार्टी के प्रदेश मंत्री द्वय एवं मोर्चा प्रभारी ऋषि लोधी, कन्हईराम रघुवंशी, प्रदीप पटेल, मोर्चा के प्रदेश महामंत्री शैतान सिंह पाल, भारत सिंह यादव मंचासीन थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राष्ट्र सेवा और जनता के कल्याण का काम कर रही है। देश एवं प्रदेश के भविष्य के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकारें जरूरी हैं। जनता का विश्वास भाजपा पर बढ़ा है और इससे विरोधी ताकते परेशान हैं। हमें उनकी कोशिशों को नाकाम करना है। कुछ लोग चाहते हैं कि भारतीय जनता पार्टी ने गरीब और पिछड़ों के साथ सामाजिक समरसता का जो मजबूत संबंध बनाया है। उसे और मजबूत बनाएं।
उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के हित में अनेक योजनाएं हैं। मोर्चा के कार्यकर्ता उन योजनाओं की जानकारी नीचे तक पहुंचाएं और वंचितों को लाभ दिलावायें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री असंगठित कामगार योजना के माध्यम से गरीब पिछड़ों को सामाजिक सुरक्षा देने का काम हम कर रहे हैं। इस योजना के माध्यम से जिन गरीबों के पास रहने के लिए जमीन नहीं है, उन्हें पट्टा देकर मालिक बनाया जायेगा। 4 साल में उन्हें पक्का मकान देने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी। गरीबों के बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त करे इसके लिए पहली से पीएचडी तक की पढ़ाई का खर्चा भाजपा सरकार उठाएगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों के लिए जितने काम हुए हैं, उतने दुनिया के किसी भी राज्य में नहीं हुए। पिछड़ा वर्ग के ज्यादातर लोग खेती और किसानी के व्यवसाय से जुड़े हैं। प्रदेश भर में पिछले साल जिन किसानों ने गेहूं बेचे थे, 16 अप्रैल को उन सभी किसानों को 200रू. प्रति क्विंटल के हिसाब से बोनस वितरण के कार्यक्रम होंगे। किसान मोर्चा के साथ पिछड़ा मोर्चा सक्रिय भागीदारी कर कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट जायें। 17 अपै्रल को हर जिले में मजदूर सम्मेलन आयोजित होंगे। पिछड़ा मोर्चा सक्रिय होकर योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा पिछड़ों को दिलावाने का काम करें।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मोर्चा अध्यक्ष भगतसिंह कुशवाह और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि पिछड़ा मोर्चा के कार्यकर्ता गांव-गांव जायें अलख जगायें। राष्ट्र के विकास एवं मध्यप्रदेश के विकास में मोर्चा महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाहन करे। मिशन-2018 और 2019 पिछड़ा मोर्चा के प्रयासों से फिर भाजपा जीतेगी।
स्वागत भाषण देते हुए मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगतसिंह कुशवाह ने कहा कि मोर्चा ने 56 जिलों की कार्यसमिति गठित कर चुका है। मंडल गठन के साथ प्रदेश के 65 हजार, 200 बूथों पर पांच-पांच कार्यकर्ता मोर्चा तैनात करेगा। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि जिस आशा और विश्वास के साथ पार्टी नेतृत्व में मोर्चा का गठन किया है उन आकांक्षाओं के अनुरूप मोर्चा काम करेगा। संचालन मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष समीक्षा गुप्ता एवं आभार प्रदेश महामंत्री भारत सिंह यादव ने किया। पूर्व में अतिथियों ने दीप प्रज्जवल कर पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी, स्व. कुशाभाऊ ठाकरे, स्व. राजमाता विजयाराजे सिंधिया के चित्रों पर माल्यार्पण किया।
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री सुहास भगत ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के 837 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर मोर्चा के पांच-पांच कार्यकर्ताओं के गठन से पिछड़ा वर्ग मोर्चा के एक दिशा में गति के साथ आगे बढ़ेगा। पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक सफलतम क्रियान्वित होगा। उन्होंने जिला केंद्रों एवं मंडल गठन को लेकर चर्चा की।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर ने मोर्चा में मीडिया की भूमिका विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने पिछड़ा वर्ग के लिए अनेक काम किये हैं। उन कामों को मीडिया के माध्यम से नीचे स्तर तक प्रचारित और प्रसारित करने में मोर्चा को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक श्री शिवराज डाबी ने मोर्चा के कार्यों में सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग पर अपनी बात रखी।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय मंत्री श्री हरीशंकर विश्वकर्मा, श्री डालचन्द कुशवाह, श्री मोहित चैरसिया, श्रीमती सरोज राजपूत सहित मोर्चा पदाधिकारी मौजूद थे।