(enewsmp.com) दमोह...-नर्मदा किनारे स्थित ग्रामों के खेतों एवं वन क्षेत्रों में मनरेगा योजना के तहत किसान अपने खेतों में फलदार पौधों का रोपण कर सकेंगे। कलेक्टर आशुतोष अवस्थी ने जिले के किसानों से आह्वान किया है कि वे इस परियोजना का अधिक से अधिक लाभ लें। कलेक्टर ने बताया है कि योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिला मुखिया, आई.ए.व्हाय./पी.एम.ए.व्हाय. के लाभार्थी परिवार, वन अधिकार अधिनियम के तहत पट्टाधारी परिवार एवं सामान्य वर्ग के लघु एवं सीमांत कृषक के खेतों में फलदार पौधों का रोपण किया जा सकेगा। प्रति एकड़ चार सौ पौधे लगाएं कलेक्टर ने बताया है कि वृक्षारोपण के लिए नींबू, अमरूद, अनार, सुरजना आदि पौधों के लिए प्रति एकड़ 400 पौधों का रोपण किया जाए। पौधे की दूरी 3X3 मीटर तथा गड्ढे का आकार 0.6X0.6X0.6 मीटर रखा जाए। इसी प्रकार ग्राफटेड संतरा, आम, जामुन, कटहल, आंवला, नींबू, अमरूद, सीताफल, बैर आदि के लिए प्रति एकड़ 250 पौधों का रोपण किया जाएगा। पौधे की दूरी 4X4 मीटर तथा गड्ढे का आकार 0.6X0.6X0.6 मीटर रखा जाए। इसी प्रकार आम, आंवला, कटहल, बैर, जामुन, चीकू आदि पौधों के लिए प्रति एकड़ 100 पौधों का रोपण किया जायेगा। पौधे की दूरी 6X6 मीटर तथा गड्ढे का आकार 0.9X0.9X0.9 मीटर रखा जाये। उन्होंने कहा कि पौधों की सुरक्षा के लिए कंटीले तार से फेसिंग भी की जाए। तीन वर्षों तक होगा प्लांटेशन कलेक्टर ने बताया है कि निजी खेत में फलोद्यान परियोजना के लिए 400 पौधें प्रति एकड़ के लिए खेतों में तीन वर्ष प्लांटेशन किया जाएगा। इसके लिए 3X3 मीटर का अंतराल होगा। इस परियोजना की लागत 2 लाख 46 हजार रुपए होगी। इसी प्रकार 250 पौधें प्रति एकड़ के लिए खेतों में तीन वर्ष प्लांटेशन किया जाएगा। इसके लिए 4X4 मीटर का अंतराल होगा। इस परियोजना की लागत एक लाख 86 हजार 250 रुपए होगी। सौ पौधें प्रति एकड़ के लिए खेतों में तीन वर्ष प्लांटेशन किया जाएगा। इसके लिए 6X6 मीटर का अंतराल होगा। इस परियोजना की लागत एक लाख 45 हजार रुपए होगी। इस परियोजना में हितग्राहियों को मनरेगा आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। दस किसानों पर एक प्रोजेक्ट कलेक्टर ने बताया है कि एक गांव के लिए एक प्रोजेक्ट बनाया गया है। इसमें 10 कृषक शामिल होंगे। लाभांवित कृषकों द्वारा लगाए जाने वाले फलोद्यान की भूमि का क्षेत्रफल भिन्न-भिन्न होने की पृष्ठभूमि में पौधों के अंतराल की दूरी के आधार पर पौध संख्या भिन्न-भिन्न होगी।