enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एम. गुरू की यात्रा अद्भुत और अनुकरणीय - राजेन्द्र शुक्ल

एम. गुरू की यात्रा अद्भुत और अनुकरणीय - राजेन्द्र शुक्ल






रीवा: शांति, सद्भाव और मानव एकता के संदेश का प्रचार-प्रसार करने के लिये आध्यात्मिक गुरू, समाज सुधारक व शिक्षाविद् श्री एम.के. नेतृत्व में चल रही यह शांति, सद्भाव की आशा यात्रा सचमुच अद्भुत और अनुकरणीय है। हमारे देश में यात्राओं का लम्बा इतिहास रहा है। साधु- संतों और महापुरूषों ने समय-समय पर सम्पूर्ण राष्ट्र की पदयात्रा कर देश की जनता को मानवता, सत्य, अहिंसा और भाई- चारे का संदेश दिया है। इस आशय के उद्गार आज प्रदेश के ऊर्जा, खनिज साधन व जन सम्पर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रगट किये हैं। वे स्थानीय विवेकानंद पार्क में आशा यात्रा के तारतम्य में आयोजित एक कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
राजेन्द्र शुक्ल ने विंध्य अंचल में सफेद शेरों की धरा पर श्री एम. गुरू का भावभीना स्वागत अभिनंदन करते हुये कहा कि जाति, धर्म, सम्प्रदाय, समुदाय, पंथ और समाज की विविधताओं से भरा हमारा देश अनेकता में एकता का सर्वोत्कृष्ट उदाहरण है। यह यात्रा भिन्न-भिन्न समुदायों और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने का कार्य करेगी। जन सम्पर्क मंत्री ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य पारस्परिक सहिष्णुता और सद्भावना का संदेश देश के करोड़ों लोगों तक पहुंचाना है। और निश्चित ही यह यात्रा अपने उद्देश्य में सफल होगी।

इस अवसर पर अपने उदबोधन में श्री एम. गुरू ने कहा कि आशा यात्रा शांति और सद्भाव के लिये मानव एकता मिशन की कन्या कुमारी से कश्मीर तक लगभग 7,500 कि.मी. की पदयात्रा है जिसका उद्देश्य लोगों को सद्भाव, समानता, धारणीय जीवन पद्धति, नारी सशक्तिकरण, सामुदायिक स्वास्थ्य व शिक्षा एवं युवा विकास का संदेश देना है। गत 12 जनवरी 2015 से प्रारंभ यह यात्रा अगले वर्ष 2016 में मई के प्रथम सप्ताह में श्रीनगर के लाल चौक पहुंचेगी। और संदेश देगी की कन्याकुमारी से काश्मीर तक भारत एक है। अखंड है। उन्होंने कहा कि हमें आतंकवाद के प्रति लोगों को जागरूक करना है जिससे विदेशी शक्तियां हमारे देश को तोड़ न सकें। एम. गुरू ने कहा कि हम जन्म से मानव हैं। प्रेम, अहिंसा हमारा प्राकृतिक स्वभाव है। अतः हमारा हर कदम मानवता के उच्च आदर्शों से प्रेरित हो। जनम से मानव, चलन से मानव और हर कदम मानवता के लिये यही हमारे मानव एकता मिशन का मूलमंत्र है।
कार्यक्रम का संचालन रावेन्द्र मिश्रा ने किया। इस अवसर पर जन अभियान परिषद सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य, जन प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व राजेश पाण्डेय, देवेन्द्र सिंह, संतोष अवधिया आदि उपस्थित रहे।
महापौर एवं कलेक्टर द्वारा आशा यात्रा का स्वागतः- शांति, सद्भाव और एकता का संदेश लेकर श्री एम.गुरू के नेतृत्व में चल रही आशा यात्रा ने आज प्रातःकाल रीवा जिले में प्रवेश किया। महापौर ममता गुप्ता, कलेक्टर राहुल जैन एवं आयुक्त नगर निगम शैलेन्द्र शुक्ला ने जिले में प्रवेश पर यात्रा का स्वागत किया। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक व स्थानीय रहवासी उपस्थित रहे। महाराजा पब्लिक स्कूल परिवार द्वारा भी एक कार्यक्रम आयोजित कर यात्रा का स्वागत किया गया। यह यात्रा बेला से चलकर उमरी, अगडाल, चोरहटा, रेल्वे तिराहा, जे.पी.मोड़, पधर कालोनी, ढ़ेकहा तिराहा, जय स्तम्भ चौक, झिरिया पुल, कालेज चौराहा से होते हुए विवेकानन्द पार्क में सभा के रूप में सम्पन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्कूलों के बच्चों, समाज सेवियों तथा स्वैच्छिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने यात्रा का आत्मीय अभिनंदन किया।

Share:

Leave a Comment