उमरिया: जिले में अवर्षा से पैदा स्थिति से किसानों को सहायता और राहत देने के लिए फसल बीमा योजना के प्रावधानों का ज्यादा से ज्यादा लाभ दिलाने के उद्देश्य से फसल कटाई प्रयोग को सही तरीके से फसलवार, खेतवार करने एवं अधिकाधिक किसानों को मदद पहुचाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को तत्काल सर्वे करने के लिए समय सीमा 30 अक्टूबर तक निर्धारित की है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री एस बी सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती इला तिवारी, समस्त अनुविभागीय अधिकारी , समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, भू अभिलेख अधिकारी इंद्रसिंह साण्ड्या, सहायक ,खाद्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सूखे से प्रभावित धान, सोयाबीन, उड़द एवं खरीफ फसलों का सर्वे करने एवं उत्पादन को पोर्टल में दर्ज कराने के कड़े निर्देश अधिकारियो को दिए हैं। उन्होने कहा कि सभी एसडीएम, तहसीलदार, अधीक्षक भू अभिलेख सतत भ्रमण करें और सर्वे टीम कृषि विभाग, राजस्व एवं पंचायत के मैदानी कर्मचारियो पर नजर रखें प्रत्येक दिन के प्रगति की समीक्षा करना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की फसल क्षतिग्रस्त हुई है वे सर्वे से छूटने नही पाए और उन्हे राहत राशि का आकलन करें। इसके साथ ही अपात्र किसानों का नाम पात्रता सूची में दर्ज न हो इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा है कि वे किसानो द्वारा बोई गई फसलों की समीक्षा राजस्व अधिकारियों के साथ करना सुनिश्चित करें। सर्वे में कुल रकबा, सूखे का रकबा, फसलवार निर्धारित प्रपत्र में सूची तैयार कराए। सभी कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के मैदानी अधिकारी कर्मचारी मुख्यालय में रहे इस बात का भी निर्देश दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि फसल कटाई प्रयोग को सही तरीके से करें जिससे किसानों को अधिकतम मदद मिल सके। हर हालत मे कटाई प्रयोग की जानकारी पोर्टल मे अपलोड करें ताकि राहत राशि वितरित की जा सके। यह सभी औपचारिकताएं 30 अक्टूबर तक पूरी करने के निर्देश दिए है। स्वरोजगार के लिए कार्य योजना कलेक्टर ने कहा कि स्वरोजगार की योजनाओं का लाभ देने के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई जाए। जिससे जिले मे ज्यादा से ज्यादा लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का लक्ष्य तय किया जाए। कलेक्टर ने 26 अक्टूबर तक चल रहे साधिकार अभियान के परिणामों को 31 अक्टूबर तक अवगत कराने के निर्देश दिए है। उन्होंने राजस्व अधिकारियो से कहा कि वे घर घर जाकर करके फौती नामांतरण, अविवादित नामांतरण, लंबित सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। धार्मिक पर्वों पर कानून व्यवस्था रखे चुस्त दुरूस्त बैठक में कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे मोहर्रम, विजयदशमी और देवी विसर्जन के धार्मिक अवसरों को दृष्टिगत रखते हुए अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था के पूरे इंतजाम कर ले। मोहर्रम के जुलूस देवी विसर्जन पर पथ संचलन के मार्गों को समुदाय के सहयोग और आपसी सहमति से तय करे ताकि कानून व्यवस्था में कोई भी चूक न हो सके। उन्होने कहा कि यह जिला शांतिप्रिय है यहां के लोग सर्व धर्म समभाव की परंपरा पर सद्भाव के साथ धार्मिक पर्व मनाते आ रहे है। नवरात्रि में पाली, उमरिया, मानपुर के देवी मंदिरो में आने वाले श्रद्धालुओ की भारी भीड़ को देखते हुए प्रबंधन व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए। पिपरिया में कलेक्टर ने देखी धान का खेत कलेक्टर के जी तिवारी ने गत दिवस स्वयं पिपरिया गांव जाकर धान का खेत देखा जहां पर खेत सूखा मिला और धान मुरझाई हुई थी। जिन खेतो में सिंचाई का साधन था वहां धान हरी थी और जहां पर कोई साधन सिंचाई का नही था उस क्षेत्र की धान सूखी मिली। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियो से कहा कि वे खेत खेत जाकर करके अवर्षा से प्रभावित फसल का सर्वे करे और किसानों को राहत राशि प्रदाय करने हेतु पोर्टल में फीडिंग कराए।