enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश हमारे देश में 365 दिन होता है बुजुर्गो को सम्मान-कलेक्टर

हमारे देश में 365 दिन होता है बुजुर्गो को सम्मान-कलेक्टर

पन्ना : जिला पंचायत सभागार में विश्व वृद्धजन दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 88 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण करके उन्हें निःशुल्क दवाई दी गई। समारोह में 105 वर्षीय सरजूदेवी, 100 वर्षीय सियारानी सिंह तथा 105 वर्षीय बिन्नी बाई सेन को सम्मान राशि, शाल, श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। समारोह में अन्य बुजुर्गो का भी सम्मान किया गया। समारोह में विधायक गुनौर श्री महेन्द्र सिंह बागरी ने कहा कि वृद्धजन नई पीढी के मार्गदर्शन हैं। इनके अनुभवों का लाभ उठाएं। शहरी से अधिक ग्रामीण क्षेत्र में वृद्धजन कष्ट में हैं। शासन ने उनके लिए जो कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं उनसे वृद्धजन लाभान्वित हों। छूटे हुए वृद्धों के भी पेंशन योजना से लाभान्वित किया जाए।

समारोह में कलेक्टर शिवनारायण सिंह चैहान ने कहा कि हमारे देश में सदैव बुजुर्गो का सम्मान किया गया है। हम ऐसे देश के निवासी हैं जहां 365 दिन वृद्धजनों का सम्मान होता है। बुजुर्ग ही नही हम तो उन पूर्वजों को भी पितृपक्ष में 15 दिवस याद करते हैं। जो अब इस दुनिया में नही हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने माता-पिता की सेवा करेंगे तो हमें भी वृद्धावस्था में सम्मान और सेवा मिलेगी। जेसा कर्म करेंगे वेसा ही परिणाम मिलेगा। नगरपालिका अध्यक्ष श्री मोहनलाल कुशवाहा ने कहा कि बुजुर्गो का आशीर्वाद मिलने से जीवन सफल होता है। उनसे हमेशा संवाद बनाए रखें। नगरपालिका पन्ना द्वारा इन्द्रपुरी कालोनी में मंगल भवन में बुजुर्गो के लिए नवरात्रि से दिनभर बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इनमें बुजुर्गो को प्रातः 8 बजे से रात 8 बजे तक निःशुल्क बैठने की सुविधा होगी। उनके मनोरंजन के लिए टेलीविजन तथा समाचार पत्र रहेंगे। नास्ते, चाय की भी व्यवस्था की गई है।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रविराज सिंह यादव ने कहा कि बच्चे वृद्धजनों का सम्मान करें। वृद्धजन भी बेटे बहू की परिस्थितियों के साथ समंजस्य बैठाने के प्रयास करें। दोनों के सहयोग और संस्कारों से वृद्धजनों की समस्याओं का निदान होगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चन्द्रशेखर शुक्ला ने कहा कि संयुक्त परिवारों के विघटन के कारण वृद्धजन समाज का भार दिखाई देते हैं लेकिन उनके त्याग और परिश्रम से ही युवा पीढी को समाज में स्थान मिलता है। उनका पूरा सम्मान करें। कार्यक्रम में अधिवक्ता आर.बी. पटेल ने भरण पोषण अधिनियम तथा धारा 125 के तहत भरण पोषण की सुविधा की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन के कारण पुरानी पीढी और नई पीढी के बीच लगातार अंतर बढ रहा है। यदि दोनों में सतत संवाद हो तो कोई समस्या नही होगी। बुजुर्गो का सम्मान और मार्गदर्शन ही नई पीढी का भविष्य उज्जवल करेगा।

कार्यक्रम में जनजागरण एवं समाज उत्थान परिषद की अध्यक्ष डाॅ. दुर्गा त्रिपाठी ने कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी दी। समारोह में डाॅ. एस.एन. त्रिपाठी ने कहा कि अपने संस्कारों से विमुख होने के कारण नई पीढी बुजुर्गो से मुंह मोड रही है। हमें अपने प्राचीन संस्कार बनाए रखना है। बुजुर्गो के अनुभव से अपना जीवन संवारें। कार्यक्रम श्री बी.एम. नायक ने कहा कि सारा जीवन बिताने के बाद वृद्धवस्था का सौभाग्य मिलता है। वृद्धजन अपना अहंकार त्यागकर समय के साथ स्वयं में परिवर्तन करें। अपने को बूढा न मानकर लगातार सक्रिय रहे। समारोह में वरिष्ठ संगीतकार जनार्दन प्रसाद खरे ने 2 मधूर गीत प्रस्तुत किए। समारोह में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी तथा 100 से अधिक वृद्धजन उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment