रीवा(ईन्यूज़ एमपी)- सम्भागायुक्त एस.के.पॉल ने राज्य शासन के प्राथमिकता में शामिल योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन समय-सीमा में करने के निर्देश दिये हैं। सम्भागायुक्त श्री पॉल टी.एल. बैठक में सम्भागीय अधिकारियों को सम्बोधित कर रहे थे। सम्भागायुक्त श्री पॉल ने निर्देश दिये कि मुख्यमंत्री के सतना भ्रमण के दौरान उनके द्वारा की गई घोषणाओं और निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाय। निर्देशानुसार सतना जिले के बरौंधा क्षेत्र में तीन मोबाइल चिकित्सालय संचालित किये जायं। इनमें इलाज की सभी सुविधायें हो और संबंधित ग्रामों में जाकर ग्रामीणों को समुचित इलाज मुहैया कराया जाय। सम्भागायुक्त ने संयुक्त संचालक स्वास्थ्य और संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास को निर्देशित किया कि बरौंधा क्षेत्र में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाय और कुपोषित चिन्हित बच्चों के पोषण का इन्तजाम किया जाय। संयुक्त संचालक महिला बाल विकास ने बताया कि मऊगंज, तराई क्षेत्र, बरौंधा, जवा क्षेत्र, सिंगरौली के कुछ क्षेत्र और सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र के बच्चों के पोषण के लिये मैदानी अमले को दिशा निर्देश दिये गये हैं। संयुक्त संचालक स्वास्थ्य ने बताया कि डायलिसिस मशीन की खराबी इंजीनियर द्वारा सुधारी जा रही है। किसी बीमारी का प्रकोप नहीं है। एक जून से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया गया। जिसमें घर-घर जाकर टीकाकरण किया गया और उल्टी दस्त की रोकथाम के लिये उपाय किये गये। इन बीमारी से पीड़ितों का इलाज किया गया। सम्भागायुक्त श्री पॉल ने बोनी, धान रोपाई की जानकारी ली। वे मृदा परीक्षण में प्रगति से अवगत हुये। निर्देश दिये कि बोनी का क्षेत्र बढ़ाने के प्रयास हों। खाद बीज की सहज उपलब्धता बनायी रखी जाय। संयुक्त संचालक लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से शुद्ध पेयजल की उपलब्धता और भूमिगत जल स्तर के उन्नयन के संबंध में पूछा गया। संयुक्त संचालक उद्यानिकी ने बताया कि सब्जी-मसाला की फसलों की 50 प्रतिशत बोनी हो चुकी है। शेष बोनी सितम्बर माह तक पूरी होगी। शालेय शिक्षा के अन्तर्गत छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण की समीक्षा की गयी। संयुक्त संचालक उद्योग ने बताया कि स्वरोजगार योजना के शत प्रतिशत प्रकरण बैंको को भेजे जा चुके है। संयुक्त संचालक पेंशन कोष एवं लेखा द्वारा पेंशन प्रकरणों के निराकरण की जानकारी दी गयी। साथ ही ट्रेजरी के ऑनलाइन कार्यों के लिये हर विभाग के कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिलाने की अपील की गयी।