सतना(ईन्यूज़ एमपी)- प्रदेश सरकार प्रदेश के सभी तीर्थ स्थलों यथा उज्जैन, मैहर, अमरकंटक एवं भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के समग्र विकास के लिए अभियान चला रही है। चित्रकूट को मिनी-स्मार्ट सिटी का दर्जा देने हेतु समग्र विकास के कार्य किये जायेंगे। प्रथम चरण में 180 करोड़ रूपये के कार्यों की मंजूरी दे दी गई। संतजनों के निर्देशानुसार और भी कार्य स्वीकृत किये जायेंगे। उक्त आशय के विचार प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज चित्रकूट स्थित सीता महल में आयोजित संत समागम कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किये। इस अवसर पर आपने भगवान श्रीराम एवं सीतमाता की पूजा अर्चना की एवं साधु संतो का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया। कार्यक्रम में सनकादित महाराजजी एवं संत समाज के अध्यक्ष सीताशरणजी महाराज (जानकीमहल, जानकीकुण्ड़),रामजीदास (संतोषी अखाडा) ने पवित्र नगरी चित्रकूट के विकास के संबंध में अपने विचार व्यक्त किये। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ठाकुरजी के आदेशानुसार मैं संत समागम में उपस्थित हुआ हूँ, संतो के द्वारा भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट के विकास के साथ ही व्यापारियों, तीर्थ यात्रियों, साधु-संतों की आवश्यकता के हर कार्य किये जायेंगे। प्रमुख रूप से कामदगिरी परिक्रमा में शेड़ व्यवस्था हेतु 02 करोड़ 25 लाख, पानी की टंकियों के निर्माण हेतु 03 करोड़ 22 लाख, परिक्रमा पथ में शौचालय निर्माण हेतु 01 करोड़ 63 लाख रूपये की स्वीकृति दी जा चुकी है। आपने कहा कि रजौला बाईपास से तुलसी मार्ग लंबाई 08 कि.मी. में फोरलेन सडक का निर्माण तथा दो फ्लाईओवर निर्माण, पैउसुनी नदी के रपटा में पुल के निर्माण, मंदाकिनी नदी में मल-जल को रोकने हेतु 28 करोड़ की लागत से सीवर लाइन का निर्माण किया जायेगा। रामदर्शन से लेकर आश्रम शाला तक डामरीकृत सडक का निर्माण, भरत घाट में रिटैनिंगबाल एवं घाट सुधार का कार्य, बाहर से आने वाले यात्रियों के रूकने हेतु शेड का निर्माण, मार्ग में पानी एवं शौचालय की व्यवस्था, धार्मिक पर्यटन सर्किट, पर्यावरण विकास तथा कामदगिरी पर्वत, स्फटिक शिला, आरोग्यधाम, गोदावरी चैनल का विस्तारीकरण, कामतानाथ पथ में यात्रियों के विश्राम, पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था, पूजन सामग्री को कम्पोस्ट कर जैविक खाद्य बनाने, गौ-अभयारण्य, सुअरों के बाडो का विकास किया जायेगा। इसके साथ ही तालाबों का संरक्षण, बरसाती पानी के निकासी की व्यवस्था, स्मार्ट यातायात हेतु सडकों एवं चौराहों का विकास एवं उनका सौंदर्यीकरण, ई-रिक्षा का संचालन, गरीबों के लिए पक्के मकानों के निर्माण हेतु 75 करोड रूपये मंजूर किये गये है, इसके साथ ही व्यापारियों के लिए दुकानों का निर्माण तथा रामघाट में सभी मकान एक रंग से पुते होंगे। पर्यावरणीय विकास के लिए मंदाकिनी नदी की सफाई, सरयू नदी, पैउसुनी नदी को पुर्नजीवित करने हेतु अभियान चलाया जायेगा। कामदगिरी पर्वत, लक्षमण पहाडी एवं सती अनुसुइया क्षेत्र में वृक्षारोपण किया जायेगा।