ग्वालियर। केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-2 की प्राचार्य रेखा सक्सैना को ट्रेन में बदमाशों ने लूटपाट का शिकार बना लिया। इसके लिए बदमाशों ने उन्हें नशीली चाय पिला दी, जिससे वे बेहोश हो गईं। इसके बाद उनका पर्स व 50 हजार रुपए लूटकर लिया गया। प्राचार्य सक्सैना ग्वालियर से दिल्ली राष्ट्रपति अवॉर्ड लेने जा रही थीं। उनकी हालत गंभीर हैं औऱ उन्हें दिल्ली के मूलचंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि आशंका यह भी जताई जा रही है कि प्राचार्य की बर्थ के पास जहरीला स्प्रे करके भी उन्हें बेहोश किया गया। प्राचार्य सक्सैना पर यह हमला समता एक्सप्रेस के एसी-वन कोच में हुआ। उन्हें दिल्ली में पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय अवॉर्ड लेना था। वे बुधवार को ग्वालियर से दिल्ली के लिए समता एक्सप्रेस से रवाना हुई। उनके साथ उनके भाई सुधीर सक्सैना भी थे। प्राचार्य सक्सैना एसी-वन कोच में सवार थी। उनकी ट्रेन आगरा और मथुरा के बीच में थीं। उसी दौरान प्राचार्य सक्सैना ने कोच वेंडर से चाय मंगाई औऱ पी ली। चाय पीते ही वे बेसुध हो गईं। इस बीच उनके भाई सुधीर सक्सैना टॉयलेट चले गए। जैसे ही प्राचार्य सक्सैना बेसुध हुई, वेंडर बने बदमाश आए और उनका पर्स और बैग में रखे 50 हजार रुपए उठाकर ले गए। जब ट्रेन दिल्ली पहुंची तो प्राचार्य सक्सैना अपनी बर्थ से उठी नहीं। उनके साथ सफऱ कर रहे भाई सुधीर ने टीटीई से संपर्क किया। टीटीई ने तुरंत स्टेशन पर संदेश पहुंचाया। इसके बाद गंभीर हालत में प्राचार्य सक्सैना दिल्ली के मूलचंद अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। अस्पताल में उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्राचार्य सक्सैना बार-बार बेहोश हो रही हैं। डॉक्टर उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं। हालांकि यह भी आशंका जताई जा रही है कि कुछ देर पहले कोच में कीटनाशक स्प्रे भी छिड़का गया था। एक संभावना यह भी है कि कहीं प्राचार्य सक्सैना की बर्थ के पास जहरीला स्प्रे छिड़का हो और फिर उनके बेहोश होने पर रुपए चोरी कर लिए। अब मथुरा जीआरपी इस मामले की जांच करने में जुटी है। दिल्ली में पीएम से भी मिलना था प्राचार्य सक्सैना को दिल्ली में प्रधानमंत्री के साथ राष्ट्रपति से उन्हें मिलना था। उसके बाद पांच सितंबर को राष्ट्रपति उन्हें नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित करते। उनके करीबियों का कहना है कि संभावना है कि तब तक उनकी हालत में सुधार आ जाए। आगरा-मथुरा के बीच होती हैं लूटपाट की वारदातें आगर-मथुरा के बीच ट्रेन में लूटपाट की सबसे ज्यादा वारदातें होती हैं। मप्र के वित्त मंत्री जयंत मलैया और उनकी पत्नी के साथ भी इसी ट्रैक पर लूटपाट की गई थी। दो दिन पहले लता बत्रा नाम की महिला के साथ भी छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के एचए-1 कोच में लूटपाट हुई थी। इसके पहले मुंबई के कारोबारी अजय अग्रवाल के साथ भी डबरा के पास ट्रेन में पांच लाख रुपए की लूट हुई थी। ऐसे कई मामले हैं, जिनमें यात्रियो के साथ जमकर लूटपाट की जा रही है। अब प्राचार्य सक्सैना के ऊपर जहरीला स्प्रे करके लूटपाट की गई है। मथुरा में हुई रिपोर्ट दर्ज प्राचार्य सक्सैना के साथ हुई लूटपाट के बाद पहले दिल्ली स्टेशन पर जीआरपी ने शून्य पर रिपोर्ट दर्ज की और फिर यह मामला मथुरा जीआरपी के पास पहुंच गया है। अब जीआरपी मथुरा ने यह मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में भी कोच अटेंडर पर संदेह जताया गया है। कीटनाशक स्प्रे के नाम पर होता है जहरीला छिड़काव एसी कोच में अटेंडर मच्छर व दूसरे कीड़े मारने के नाम पर स्प्रे करते हैं, लेकिन यह स्प्रे जहरीला होता है, जिससे यात्री बेहोश हो जाते हैं। कई बार स्प्रे के केमीकल की ज्यादा मात्रा होने के कारण वे गंभीर रूप से घायल भी हो जाते हैं। यात्रियो के बेहोश होते ही वेंडर बनकर आए बदमाश लूटपाट करके गायब हो जाते हैं।