रीबा:- महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों, कर्तव्यों का निर्वहन सुगमता से कर सकें, संबंधित कार्यक्षेत्र में आगे बढें, वह सशक्त हों, उन्हें बराबरी का दर्जा मिले, इसी उद्देश्य से अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। रीवा जिले में भी महिलाओं के सशक्तीकरण हेतु अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत लोही में आजीविका मिशन केन्द्र में महिला सशक्तिकरण विभाग द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाएं हैं तो स्वच्छता है। महिलाएं अपनी नारी शक्ति को जागृत करें। सामान्यतः महिलाएं अपने घरों में दिन की शुरूआत सफाई से ही करती हैं जो अपने आप में एक महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं और जिन ग्रामों की महिला सरपंचों ने अपनी पंचायत को ओडीएफ करा चुकी हैं उन्हें चिन्हित कर मुख्यमंत्री जी के हाथों पुरस्कृत कराया जायेगा। कलेक्टर कहा कि महिलाओं को शौचालय निर्माण और उसके उपयोग के प्रति समाज के लोगों को जागरूक करने के लिए आगे आना होगा। उन्होंनेे बताया कि शीघ्र ही रीवा जिले को खुले में शौच मुक्त घोषित किया जायेगा। इस दिशा में तेज गति से कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने हाल ही में महिलाओं के लिए शुरू किये गये आजीविका मिशन केन्द्र के सम्बन्ध में कहा कि इससे उनकी उन्नति को गति मिलेगी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष विभा पटेल ने कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कमजोर नहीं हैं आवश्यकता है आत्मविश्वास और इच्छाशक्ति जगाने की। उन्होंने आव्हान किया कि महिलाएं अपने अधिकारों को जानें और दायित्वों का बखूबी निर्वहन करें। शासन द्वारा अनेक योजनाएं महिलाओं के हित में शुरू की गयी हैं उनका लाभ लें। स्वच्छ भारत मिशन की जिला समन्वयक फरहत जैब ने कहा कि महिलाएं अपनी शक्ति को पहचानते हुए कार्य करें। आने वाले अवसरों का लाभ उठायें और अपने पदीय दायित्वों का स्वयं निर्वहन करें। कार्यक्रम में ब्रम्हाकुमारी प्रजापिता की निर्मला बहन, मनीषा पाठक, कल्पना श्रीवास्तव, प्राध्यपिका विभा श्रीवास्तव, रमा मुकाती ने भी महिला सशक्तिकरण के प्रति अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में लोही ग्राम पंचायत की सरपंच ऊषा साहू, महिला बाल विकास अधिकारी नयन सिंह, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी जे.पी. सोनी, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारी कर्मचारी, आजीविका मिशन केन्द्र की महिलाएं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं व स्थानीय जन उपस्थित थे। इस अवसर पर गुजरात की राजधानी गांधीनगर से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। जिसे उपस्थितजनों द्वारा सुना गया। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों की महिला सरपंचों को स्वच्छता के प्रति उत्कृष्ट कार्य करने के लिए शील्ड देकर सम्मानित किया गया।