ग्वालियर - ओलावृष्टि से क्षतिग्रस्त फसलों का सर्वे कराया जाकर पीड़ित कृषकों कों हर संभव मदद दी जायेगी। किसानों को राहत देने में सरकार द्वारा धन की कमी नही आने दी जायेगी। इस आशय के विचार मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला अशोकनगर के ग्राम आमखेडा सूखा में बेमौसम वर्षा एवं ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के निरीक्षण के दौरान व्यक्त किये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ओलावृष्टि से फसलों का काफी नुकसान हुआ है। किसान दिन रात मेहनत करके फसलों को तैयार करता है और जब फसल पककर तैयार हो जाती है तो प्राकृतिक आपदा उसे नष्ट कर देती है। उन्होंने कहा कि किसानों की जिंदगी बिखरने नही देगें। इस दुख: की घड़ी में किसानों को राहत देकर संकट से निकालकर बाहर ले जायेगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं किसानों को विश्वास दिलाने आया हूँ कि वे अपने आपको असहाय महसूस न समझें। मैंने खेतों में क्षतिग्रस्त फसलों को देखा है। फसलों का शत प्रतिशत नुकसान हुआ है। प्रभावित फसलों का सर्वे का कार्य राजस्व, कृषि तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त दल द्वारा कराया जायेगा। उन्होंनें कलेक्टर को निर्देश दिए कि सर्वे का कार्य ईमानदारी के साथ कराया जाए। सर्वे की सूची पंचायत भवन पर चस्पा कराई जाए। सूची के संबंध में यदि किसी को आपत्ति हो तो वह आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसकी भी व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसानों को प्राकृतिक आपदा से हुए फसल नुकसान पर परेशान होने की जरूरत नही है, सरकार कंधे से कंधा मिलाकर किसानों के साथ राहत देने के लिए साथ खडी है। उन्होंने कहा कि ऐसे कृषक जिनकी फसलें शतप्रतिशत नष्ट हुई है, उन्हें अगली फसल आने तक एक रूपये किलो की दर से गेहूँ, चावल तथा नमक दिया जायेगा। ऋण वसूली स्थागित रहेगी तथा कर्जा का ब्याज सरकार चुकायेगी। साथ ही अगले वर्ष के लिए खाद एवं बीज जीरो प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध कराया जायेगा। स्थानीय स्तर पर मजदूरों के लिए व्यापक पैमाने पर राहत कार्य प्रारंभ कराये जायेगें। जिससे मजदूरों को रोजगार उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए फसल कटाई प्रयोग अधिक से अधिक कराये जाए। उन्होंने प्रभावित कृषकों की बेटियों की शादी के लिए 25 हजार रूपये की राशि उपलब्ध कराये जाने की बात कही। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री गोपीलाल जाटव ने कहा कि जिले में ओलावृष्टि से 12 ग्राम प्रभावित हुए है। अन्नदाता किसानों की मदद के लिए मुख्यमंत्री द्वारा कोई कोर कसर नही छोडी जायेगी। प्रभावित किसानों की बिजली वसूली स्थगित की जायेगी। उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में हम सभी कृषकों की मदद के लिए साथ है। मुख्यमंत्री ने खेतो में जाकर ओला प्रभावित फसलों का किया निरीक्षण मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आमखेडा सूखा में कृषक श्री देवी सिंह कुशवाह के खेत पर पहुंचकर ओलावृष्टि से चौपट हुई गेहूँ एवं चना की फसल को देखा। उन्होंने कृषक को ढांढस बधाते हुए सांत्वना दी कि फसल नुकसानी का मुआवजा शीघ्र ही दिलाया जायेगा। इसी प्रकार कृषक खिलन सिंह कुशवाह तथा लल्लीराम वाल्मीक के खेत पर पहुंचकर फसल नुकसानी का जायजा लिया। इस अवसर पर कश्मिनर ग्वालियर संभाग श्री के.के.खरे, आईजी. श्री आदर्श कटियार, पूर्व विधायक श्री राव देशराज सिंह यादव, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमति चंदा यादव, भाजपा जिलाध्याक्ष श्री नीरज मनोरिया, अधिकारी, कर्मचारी एवं बडी संख्या में कृषकगण उपस्थित थे।