नरसिंहपुर - जिले के बरमान स्थित आनंद धाम तपोभूमि में वृद्धाश्रम एवं तीर्थ यात्रियों व परिक्रमावासियों हेतु आश्रय स्थल का शुभारंभ एवं लोकार्पण 26 जनवरी को सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक नरसिंहपुर श्री जालम सिंह पटैल ने की। इस अवसर पर अपेक्स बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष श्री कैलाश सोनी, विधायक तेंदूखेड़ा श्री संजय शर्मा व गाडरवारा श्री गोविंद सिंह पटैल, अध्यक्ष जिला पंचायत श्री संदीप पटैल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती शीला देवी ठाकुर, मंडी अध्यक्ष श्री रवीन्द्र पटैल, कलेक्टर श्री नरेश पाल, पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रतिभा पाल, अपर कलेक्टर डॉ. जेपी दुबे, एसडीएम सुश्री लता पाठक व श्री राजेन्द्र राय, उप संचालक सामाजिक न्याय श्री महेन्द्र कुमार त्रिपाठी, भारतीय रेडक्रास सोसायटी के चेयरमेन श्री जगदीश मनीभाई मानसाता, रेडक्रास के सचिव श्री सीबी नेमा, गणमान्य नागरिक और रेडक्रास से जुड़े जिले के विभिन्न स्थानों से आए सदस्यगण मौजूद थे। सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह ने कहा कि वृद्धाश्रम से बेसहारा वृद्धजनों को आश्रय मिलेगा और वे यहां पर शांति पूर्वक अपना जीवन व्यवतीत कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य का शुभारंभ करना जितना आसान होता है उसका व्यवस्थित संचालन उतना आसान नहीं होता। रेडक्रास से समाज सेवी जुड़े हुए हैं। अत: वृद्धाश्रम बेहतर तरीके से संचालित होगा। वृद्धजनों और नर्मदा तट बरमान आने वाले परिक्रमा वासियों को सुविधा होगी। यहां भोजन के साथ- साथ ठहरने की नि:शुल्क सुविधा रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक श्री जालम सिंह पटैल ने कहा कि संयुक्त परिवार रूपी संस्था में गिरावट आने से परिवार के बुजुर्गों की उपेक्षा देखने में आ रही है। परिवार को इतना सीमित कर दिया है कि पति, पत्नी और बच्चे, यह स्थिति समाज के लिए अच्छी नहीं है। पहले सुना था कि विदेशों में यह होता है कि लोग अपने माता- पिता को वृद्धाश्रम में छोड़ देते हैं। अब यह स्थिति हमारे देश में भी देखने को मिलने लगी है। उन्होंने कहा कि समाज के सुधी लोग अपने तीज- त्यौहार, जन्मदिन वृद्धाश्रम में मना सकते हैं। इससे अपनों से उपेक्षित वृद्धजनों को अपनापन महसूस होगा। विधायक श्री गोविंद सिंह पटैल ने कहा कि विशेषकर उच्च वर्गों में वृद्धजनों की ज्यादा उपेक्षा देखी जा रही है। बेटे अपने माता- पिता से अलग हो जाते हैं। बेटे- बहू अपने बुजुर्गों की देखभाल ही नहीं करते, सेवा तो दूसरी बात। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वृद्धाश्रम ऐसे लोगों के लिए आश्रय स्थल बनेगा जो बेसहारा हैं पर जिनके अपने बेटे हैं उन्हें इसकी आवश्यकता नहीं होगी। विधायक तेंदूखेड़ा श्री संजय शर्मा ने कहा कि वृद्धाश्रम के संचालन के लिए जो भी सहयोग की आवश्यकता होगी, उपलब्ध कराया जाएगा। हम सबका प्रयास होगा कि वृद्धाश्रम में वृद्धजन आनंद पूर्वक रहें। अपेक्स बैंक के पूर्व उपाध्यक्ष श्री कैलाश सोनी ने कहा कि संवेदनशीलता और जीवन मूल्यों में गिरावट आने से परिवार के वृद्धजनों की मुश्किलें बढ़ी हैं। परिवार के भीतर ही बुजुर्गों को सम्मान मिलना चाहिए, जिससे वे अपने जीवन काल के अंतिम वर्षों में सुख पूर्वक जीवन जी सके। वृद्धाश्रम की आवश्यकता ही महसूस न हो। उन्होंने कहा कि उन बेटों के लिए शर्मनाक है जो अपने माता- पिता की देखभाल नहीं करते। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संदीप पटैल ने भी संबोधित किया। कलेक्टर श्री नरेश पाल ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के अमूल्य सहयोग से ही वृद्धाश्रम का शुभारंभ हो सका है। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्त कल्याण विभाग की योजना के अंतर्गत रेडक्रास सोसायटी द्वारा वृद्धाश्रम का संचालन किया जाएगा। नर्मदा किनारे स्थित वृद्धाश्रम को सुरूचि पूर्ण रूप से तैयार किया गया है। यहां वृद्ध महिला और पुरूषों के लिए अलग- अलग स्थान बनाए गए हैं। वृद्धाश्रम में एक सुसज्जित हॉल है, जहां सामूहिक रूप से आध्यात्मिक गतिविधियां, भजन- कीर्तन आदि कर सकेंगे। जिला पंचायत द्वारा वृद्धजनों को लघु पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। शुभारंभ अवसर पर अतिथियों द्वारा वृद्धजनों को तिलक लगाकर और कम्बल प्रदान कर वृद्धाश्रम में प्रवेश दिलाया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री सुनील कोठारी ने किया। अतिथियों का स्वागत पौधा देकर किया गया कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत पौधा देकर किया गया। अतिथियों का तुलसी के पौधे से स्वागत किया गया। अच्छे पर्यावरण के लिए पौधे आवश्यक होते हैं।