भोपाल - प्रदेश में पहली बार गिद्धों की गणना के प्रथम चरण में 32 जिले में 876 स्थल पर लगभग 6,700 गिद्ध पाये गये। राज्यव्यापी गिद्ध गणना का प्रथम चरण 23 जनवरी को सम्पन्न हुआ। गणना में प्रदेश में सबसे अधिक श्योपुर जिले में 532 गिद्ध पाये गये। दूसरे स्थान पर मंदसौर में 511, गांधी सागर अभयारण्य में 487, पन्ना टाइगर रिजर्व में 470, भोपाल 499 तथा रायसेन में 420 गिद्ध पाये गये। प्रजातिवार गिद्धों की संख्या का आकलन शीघ्र ही भारतीय वन प्रबंधन संस्था भोपाल द्वारा किया जायेगा। गिद्ध गणना का द्वितीय चरण मई, 2016 में शुरू होगा। वित्त पोषण राज्य जैव-विविधता बोर्ड द्वारा गिद्ध गणना एवं प्रदेश गिद्ध एटलस तैयार किया जा रहा है। इसके बाद गिद्धों पर एक बेस लाइन आंकड़े उपलब्ध होंगे, जिससे गिद्धों के संरक्षण की व्यापक रणनीति तैयार की जायेगी।