enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश बूढ़े पुल के साथ ही ढह गई व्यवस्था, चारों ओर लगा जाम.....

बूढ़े पुल के साथ ही ढह गई व्यवस्था, चारों ओर लगा जाम.....

इंदौर। शहर के बीचोबीच कुलकर्णी का भट्टा के बूढ़े पुल के साथ ही प्रशासनिक व्यवस्था भी ढह गई है। पांच दिन हो गए पुल की अंदरुनी दीवार ढहे। एहतियात के रूप में पुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने पुल का ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। पांच दिन बीत गए, लेकिन ट्रैफिक बदहाल है। यहां से गुजरने वालों को निकलने में घंटों लग जाते हैं। पुल के चारों ओर के रास्तों पर डायवर्शन प्लान एक्टिव नहीं। परिणाम यह है कि अव्यवस्था के चलते ट्रैफिक जाम लग रहा है।

12 अगस्त को कुलकर्णी का भट्टा स्थित ओवरब्रिज की अंदरुनी दीवार ढह गई थी। ब्रिज कमजोर हो चुका था और एहतियातन इस ब्रिज पर ट्रैफिक की आवाजाही पर रोक लगा दी। बेरिकेट्स लगाकर इसे बंद कर दिया गया। हालांकि, नगर निगम सालों से नाले के बीचोबीच खड़े इस बूढ़े पुल को तोड़कर नया बनाने की कवायद कर रहा था। निर्माण कार्य के दौरान ही ब्रिज की दीवार ढही थी। यहां प्रशासन ने सुरक्षा के बंदोबस्त नहीं किए। ब्रिज का जब भी निर्माण कार्य होता है तो उसके पेरेलल दूसरा ब्रिज बनाया जाता है जिससे वाहनों की आवाजाही न रुके। नए ब्रिज से वाहन गुजरते रहे जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या नहीं रहे लेकिन यहां ऐसा प्लान नहीं हो पाया। पुल के ट्रैफिक को जिन दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया गया है वहां पिछले पांच दिनों से जाम लग रहा है। यहां ट्रैफिक जाम से निजात पाने का कोई प्लान अभी तक तैयार नहीं किया गया है। बेरिकेट्स से लेकर तो ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी व्यवस्था के लिए यहां मौजूद नहीं है। ऑफिस समय (सुबह-शाम) ब्रिज के आसपास वाले रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। एक-दूसरे से पहले निकलने की होड़ में इन रास्तों पर जाम लग रहा है।

मरीमाता से परदेशीपुरा की ओर आने वाला ट्रैफिक इसी ब्रिज से होकर गुजरता है। इसके अलावा स्नेहलतागंज, मालवा मिल सब्जी मंडी, कुलकर्णी का भट्टा, सुभाष नगर, परदेशीपुरा, नंदानगर, सुखलिया, क्लर्क कॉलोनी सहित मिल क्षेत्र के सारे रास्ते इस पुल से जुड़े हुए हैं। यह पूरे रास्ते प्रभावित हैं। इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को परदेशीपुरा थाने के सामने वाले रास्ते के अलावा बंसी प्रेस की चाल वाले रास्ते पर डायवर्ट किया गया है। ट्रैफिक पुलिस की मानें तो यहां से दिनभर में हजारों वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने के कारण ट्रैफिक जाम लग रहा है।

कुलकर्णी का भट्टा वाले ब्रिज का पहले भी तीन बार भूमिपूजन हो चुकी था। बावजूद इसका निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा था। अब इसका कार्य शुरू हो चुका है। नगर निगम के कार्यपालन यंत्री अनूप गोयल ने बताया कि 100 फीट चौड़ा व 150 फीट लंबा बनाया जाएगा। इस पर सिक्स लेन रहेगी। लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। फिलहाल सीवर लाइन की शिफ्टिंग का काम शुरू हो चुका है। यह ब्रिज 15 करोड़ की लागत में बनकर तैयार होगा। यहां से गुजरने वाले वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से रोका गया है। मास्टर प्लान में 100 फीट का रोड है। ब्रिज बनने के बाद आगे के प्लान की तैयारी की जाएगी। सुभाष नगर की ओर जो रास्ता जा रहा है वह 100 फीट चौड़ा है उसमें किसी तरह की समस्या आएगी तो वह तब तय किया जाएगा जब उसे बनाया जाएगा। उसमें कोई परेशानी आएगी तो उसे दूर की जाएगी। फिलहाल ब्रिज तैयार करना प्राथमिक काम है।

Share:

Leave a Comment