भोपाल(ईन्यूज एमपी )- नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि सरकार जनता को लूटकर अपना खजाना भर रही है। उन्होंने कहा कि चाहे केन्द्र की या फिर मप्र की भाजपा सरकार हो, दोनों डीजल और पेट्रोल के दामों में बढ़ोत्तरी करके जनता की जेब को खाली करने में लगे हैं। अजय सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से तत्काल पेट्रोल डीजल पर वेट और टैक्स हटाने की मांग की है। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में तो जनता को दोहरी मार पड़ रही है। एक ओर जहां पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी का और उस पर प्रदेश सरकार के टैक्स के कारण उसकी कमर बुरी तरह टूट रही है। प्रदेश में पेट्रोल पर 31 फीसदी वेट के साथ 4 रूपए का अतिरिक्त टैक्स लगाया जा रहा है। इसी तरह डीजल पर 27 फीसदी वेट के साथ डेढ़ रूपए का अतिरिक्त टैक्स लगाया जा रहा है। सरकार ने इससे पिछले दो साल में अन्य राज्यों की तुलना में जनता की जेब काटकर सर्वाधिक 37 प्रतिशत का राजस्व अपने खजाने में जमा किया है। श्री सिंह ने कहा कि इसी तरह केन्द्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों पर अप्रत्यक्ष करों से लगभग पौन तीन लाख करोड़ की कमाई की है। केन्द्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों को बढ़ाकर वर्ष 2015-16 में 2.38 लाख करोड़ कमाए थे और 2016-17 में यह आय बढ़कर 2.67 लाख करोड़ हो गए। यह सीधे-सीधे जनता की जेब में अच्छे दिन लाने वाली सरकार ने डांका डाला है। वर्ष 2012-13 में जब यूपीए सरकार थी तब पेट्रोलियम उत्पादों पर अप्रत्यक्ष करों से मात्र 98,602 करोड़ रूपए की आय हुई थी। महंगाई कम करने वाली मोदी सरकार ने पेट्रोल उत्पादों के दाम बढ़ाकर पौने दो लाख करोड़ का इजाफा अपनी आय में किया है।