शाजापुर(ईन्यूज एमपी)- शव दफनाने को लेकर दो समुदाय में हुए विवाद के बाद शाजापुर में तनाव की स्थिति बन गई है। एबी रोड़ स्थित मेला ग्राउंड के पीछे मगरिया क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के शव को दफनाने की बात को लेकर विवाद उपजा था। कुछ उत्पातियों ने दूसरे वर्ग पर पत्थर फेंके और स्थिति बिगड़ गई। पत्थरबाजी के दौरान कलेक्टर अलका श्रीवास्तव ने दौड़कर अपनी जान बचाई। एसपी शैलेंद्रसिंह चौहान पर भी उत्पातियों ने पत्थर फेंके। एक दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी व आमजन घायल हो गए। करीब 12 उत्पातियों को हिरासत में लिया गया है। एबी रोड एवं काछीवाड़ा क्षेत्र में उत्पातियों ने घर, स्कूल व दुकानों पर भी पत्थर बरसाए। एहतियातन कलेक्टर ने शहर में धारा 144 लगा दी है। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को काबू में करने के लिए हवाई फायरिंग भी की और लाठीचार्ज भी किया। इसके अलावा पुलिस बलों ने आंसू गोले का भी इस्तेमाल किया।