enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश राजकीय सम्मान के साथ किया गया शहीद जगराम का अंतिम संस्कार...

राजकीय सम्मान के साथ किया गया शहीद जगराम का अंतिम संस्कार...

मुरैना(ईन्यूज़ एमपी)- देश की सीमा पर शहीद जवान नायब सूबेदार जगराम सिंह तोमर का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम तरसमा में पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ किया गया। शहीद को मुखाग्नि उनके 11 वर्षीय पुत्र आकाश ने दी।
इसके पहले आज सुबह ग्वालियर के सेना परिसर से शहीद जगराम सिंह का शव पूर्ण सम्मान के साथ गृह ग्राम तरसमा लाया गया। इस समय तक शहीद के गांव व घर पर हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हो गये। सभी की आंखें नम थीं। जैसे ही सैना के जवानों द्वारा शहीद के शव को कोपिन में सुरक्षित घर पर रखा वैसे ही वहां उपस्थित जन-जन की आंखों से आंसू बहने लगे। हर कोई शहीद जगराम सिंह को नजदीक से देखना चाहता था कि दुश्मनों की गोली छाती को भेदती हुई कैसे निकल गई। गमगीन माहौल को देखकर सैन्यवल की आंखें भी नम हो गई। घर से शहीद जगराम सिंह की अंतिम यात्रा शमसान स्थल पर लगभग एक किलो मीटर की दूरी तय कर पहुंची हजारों की जनसंख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने जब तक सूरज चांद रहेगा जगराम सिंह तेरा नाम रहेगा का जयघोष किया। ब्रिगेडियर कर्ण सिंह के नेतृत्व में शहीद की पार्थिव देह को राष्ट्रीय ध्वज से सम्मानित किया गया। सैन्य दल ने तीन चक्र फायर कर शहीद को सम्मान दिया। सेना के सशस्त्र दल द्वारा शोकमय श्रद्धांजलि के साथ श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह ने शहीद को अंतिम सलाम कर श्रद्धासुमन अर्पित किये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार द्वारा शहीदों को दी जाने वाली सहायता के रूप में एक करोड़ की नगद राशि, प्रदेश में एक घर, परिवार के एक पात्र व्यक्ति को नौकरी तथा अन्य सुविधायें, जो तय है, प्रदाय की जायेगी।

शहीद के परिजनों ने कहा कि उनके परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग देश की रक्षा में सीमा पर है, हमारे घर परिवार और गांव व जिले को जगराम सिंह का यह बलिदान गौरवान्ति कर रहा है। शहीद जगराम सिंह के ग्यारह वर्षीय पुत्र ने नम आँखों से जोश के साथ कहा कि वह इसका बदला लेगा। सेना के बिग्रेडियर कर्ण सिंह ने कहा कि यह देश का बड़ा सम्मान है जो शहीदों को मिलता है।

Share:

Leave a Comment