सीधी (ईन्यूज़ एमपी): सीधी जिले में प्रशासन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग में लिप्त तीन पंचायत पदाधिकारियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। मप्र पंचायतराज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 92 के तहत यह कड़ी कार्रवाई की गई है, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। सूचना सहायक जिला पंचायत सीधी ने बताया कि सरकारी राशि के दुरुपयोग और निर्धारित समय सीमा में वसूली राशि जमा न करने के चलते जनपद पंचायत सीधी के अंतर्गत 03 पंचायत पदाधिकारियों पर शिकंजा कसा गया है। आरोपियों को कई बार नोटिस भेजा गया था, लेकिन बार-बार की चेतावनी के बावजूद उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इस गंभीर लापरवाही के बाद आखिरकार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंशुमन राज ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। गिरफ्तारी वारंट जिन तीन पंचायत पदाधिकारियों के खिलाफ जारी किया गया है, उनमें— 1. रामगोपाल जायसवाल – पूर्व सरपंच, ग्राम पंचायत हडबड़ो 2. विजय कुमार सिंह – तत्कालीन सचिव, ग्राम पंचायत हडबड़ो 3. रामलाल सिंह – पूर्व सरपंच, ग्राम पंचायत बारी इस बड़े प्रशासनिक एक्शन से अन्य पंचायत अधिकारियों में दहशत फैल गई है। जिला प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जो भी सरकारी धन का दुरुपयोग करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। अब यह देखना होगा कि आरोपियों की गिरफ्तारी कब होती है और प्रशासन भ्रष्टाचार पर और कितनी सख्ती दिखाता है।